द फॉलोअप डेस्क
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने आज खूंटी पहुंचकर पड़हा राजा सोमा मुंडा के परिजनों से मुलाकात की। दो दिन पहले खूंटी में गोली मारकर पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या कर दी गई थी। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की खूंटी के मुंडा चलागी गांव पहुंचीं और मृतक के परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली। इस मौके पर कृषि मंत्री ने कहा कि यह घटना आदिवासी समाज के लिए बेहद दुखद है और इसकी जितनी निंदा की जाए, वह कम है। उन्होंने कहा कि पड़हा राजा सोमा मुंडा सामाजिक मामलों में हमेशा सक्रिय और संवेदनशील भूमिका निभाते रहे थे। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार और वे स्वयं मृतक के परिजनों के साथ खड़े हैं। सरकार इस मामले को लेकर गंभीर है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर मृतक के परिजनों को न्याय दिलाया जाएगा। इस दौरान स्थानीय सांसद कालीचरण मुंडा, सामाजिक कार्यकर्ता दयामनी बारला, खूंटी जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा और विल्सन सहित कई अन्य लोग भी मौजूद रहे।
