द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा में ज्वेलरी दुकान में हुई सनसनीखेज डकैती के दौरान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अमन बर्मन से मिलने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी दुर्गापुर पहुंचे। उन्होंने अपना दिल्ली प्रवास रद्द कर मिशन हॉस्पिटल में अमन का हालचाल जाना। मंत्री को देखते ही अमन बर्मन भावुक हो गए। कांपते हाथों से मंत्री का हाथ थामते हुए उन्होंने मदद की गुहार लगाई। इस पर डॉ. इरफान अंसारी ने उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे उनके साथ हैं और इलाज में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। मंत्री से मुलाकात के बाद अमन के चेहरे पर डर की जगह उम्मीद और साहस नजर आया।

स्वास्थ्य मंत्री ने डॉक्टरों की पूरी टीम के साथ बैठक कर इलाज की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मेडिकल रिपोर्ट देखी और स्पष्ट निर्देश दिए कि उपचार पूरी गंभीरता और सावधानी से किया जाए। अमन के पिता अजित बर्मन और परिजनों ने भावुक होकर बेटे की जान बचाने की अपील की। इस पर मंत्री ने कहा कि उनके रहते किसी की जान जाने नहीं दी जाएगी और राज्य सरकार हर संभव सहयोग करेगी। फिलहाल अमन बर्मन की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। हालांकि पैर के निचले हिस्से में मूवमेंट नहीं होना डॉक्टरों के लिए चिंता का विषय है। चिकित्सकों के अनुसार विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट स्वास्थ्य मंत्री को सौंपी जाएगी। जरूरत पड़ने पर बेहतर इलाज के लिए बाहर ले जाने की भी व्यवस्था की जाएगी।अस्पताल में मौजूद लोगों और परिजनों ने कहा कि किसी मंत्री का स्वयं अस्पताल पहुंचकर परिवार के सदस्य की तरह देखभाल करना उनके लिए भरोसे का बड़ा कारण है।
