logo

दो एकड़ पर हुई चहारदीवारी को आदिवासी संघर्ष मोर्चा के सदस्यों ने गिराया, जानें क्यों

1927.jpg

द फॉलोअप डेस्क
आदिवासी संगठनों और आदिवासी संघर्ष मोर्चा के सदस्यों ने शुक्रवार को पिस्का मोड़ टंगरा टोली में एक जमीन पर हुई चहारदीवारी को गिरा दिया। उनका कहना था कि हिंदुवा तिर्की व पुतुल तिर्की की खतियानी जमीन पर भूमि दलालों द्वारा अवैध रूप से चहारदीवारी का निर्माण कराया गया था। सैंकड़ो की संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग सरना झंडा और हाथ में हथौड़ा-सबल लेकर निर्माण स्थल पर पहुंचे। आदिवासी ज़मीन की लूट के खिलाफ़ नारे लगाते हुए एक घंटे में ही दो एकड़ ज़मीन पर बने दीवार को तोड़ दिया। हालांकि, मौके पर सुखदेव नगर थाना की पुलिस पहुंची। मगर पुलिस को देखकर लोग और उग्र हो गए। लोगों का कहना है कि इसके बाद पुलिस वापस हो गई। वहीं, पुतुल तिर्की का कहना है कि धारा-144 के लागू होने के वावजूद दलालों ने जमीन पर काम कराया है। पुलिस जमीन मालिकों की बजाय जमीन हड़पने वालों के पक्ष में ही खड़ी रही है।

घटना स्थल पर की गई सभा
दीवार तोड़ने के बाद घटना स्थल पर ही सभा की गई। आदिवासी नेता राजेश लिंडा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि की सीएनटी एक्ट के बावजूद आदिवासी जमीन की लूट जारी है। अब पूरे रांची में जमीन लूट के खिलाफ आंदोलन तेज होगा। आदिवासी संघर्ष मोर्चा की नेत्री अलमा खलखो ने कहा की जान देगें पर जमीन लूटने नहीं देंगे। आदीवासी संघर्ष मोर्चा जमीन, पहचान और झारखंडी संस्कृति की रक्षा के लिए लड़ाई को मजबूत करेगी।

सरकारी एजेंसियां जमीन लूट पर लगाम कसने में विफल- भाकपा माले
घटना को लेकर भाकपा माले के राज्य कमेटी सदस्य भुवनेश्वर केवट ने कहा कि झारखंड अलग राज्य के बाद से ही रांची में भूमि माफिया पुलिस और दलालों की गठजोड़ बन गईं है। जिसका काम ही है फर्जी कागजात बनाकर विवाद खड़ा करना और पैसे के बल पर जमीन की लूट करना। आदिवासीयों की सामाजिक भूमि अखड़ा, मसना व पहनाई जमीन को भी हड़पा जा रहा है। सरकारी एजेंसियां जमीन लूट पर लगाम कसने पूरी तरह विफल है। अगर यही हालात रहा तो झारखंड पूरी तरह लूटखंड में तब्दील हो जाएगा। झारखंड की जमीन जंगल खनिज, परम्परा और संस्कृति पर संकट गहराने लगा है। बिरसा के रास्ते लूट के खिलाफ़ एक ओर आंदोलन जरूरी है। जमीन बचाव अभियान में शनिचरवा मुंडा, लालो तिर्की, संजीव उरांव, लीलावती देवी, सोमा मुंडा और बुधवा उरांव आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT