चाईबासा
पश्चिमी सिंहभूम के टोकलो थाना क्षेत्र और सरायकेला-खरसावां के दलभंगा ओपी से सटे जंगली पहाड़ी इलाके में नक्सलियों द्वारा बड़ी साजिश रचने की जानकारी सामने आई है। झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने एक विशेष सर्च ऑपरेशन चलाकर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए 16 शक्तिशाली आईईडी बरामद किए। इन विस्फोटकों को बम निरोधक दस्ते की मदद से मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
6 जुलाई को चाईबासा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भाकपा (माओवादी) से जुड़े उग्रवादियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की मंशा से जंगलों में गोला-बारूद छिपाकर रखा है। इसके बाद चाईबासा और सरायकेला-खरसावां पुलिस, झारखंड जगुआर तथा सीआरपीएफ (60वीं बटालियन) के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान दल का गठन किया गया।

कोटसोना और लांजी के जंगल में बरामदगी
7 जुलाई को चलाए गए सघन तलाशी अभियान के दौरान टोकलो थाना क्षेत्र के कोटसोना और लांजी गांव के पहाड़ी जंगलों से 16 आईईडी बरामद किए गए, जिनका वजन करीब दो-दो किलो था। सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए, इन विस्फोटकों को उसी स्थल पर नियंत्रित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में आगे की कार्रवाई जारी है और नक्सली गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इलाके में सघन निगरानी की जा रही है।
टीम में शामिल बल:
• चाईबासा पुलिस
• सरायकेला-खरसावां पुलिस
• झारखंड जगुआर
• सीआरपीएफ (60वीं बटालियन)
