रांची
रांची जिले में हाल के दिनों में विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई लूटपाट की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में कुल 10 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से लूटे गए सभी सामान भी बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, डोरंडा जगरनाथपुर (पुंदाग ओपी), ओरमांझी, सदर (मेसरा ओपी) और टाटीसिलवे थाना क्षेत्रों में अलग-अलग तिथियों में लूट की कई घटनाएं दर्ज की गई थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और नगर के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया।

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियों में जहीर उर्फ खान, फरहान खान उर्फ बब्लू, शेख जीमल, अरसलान खान, मोहम्मद फैजान, सोएब अंसारी, सहबाज सलमान, कासिफ युसूफ, शेख मुज्जमिल उर्फ माखन और राजा खान उर्फ खानता शामिल हैं, जो सभी रांची जिले के निवासी हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने पुंदाग पेट्रोल पंप, बीआईटी ओपी क्षेत्र के दो पेट्रोल पंपों, टाटीसिलवे स्थित सीएनजी पंप, डोरण्डा क्षेत्र की एक दुकान तथा ओरमांझी के मेहता होटल के पास एक दुकान में लूटपाट और चाकूबाजी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से एक देसी रिवाल्वर, छह चाकू, कई मोबाइल फोन, नकद राशि, वारदात में प्रयुक्त कार, मोटरसाइकिल और स्कूटी के साथ-साथ चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं, जो साक्ष्य के रूप में महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में से कुछ का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ विभिन्न थानों में लूट, चोरी और शस्त्र अधिनियम से जुड़े मामले दर्ज हैं। फिलहाल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और पूरे गिरोह के आपराधिक नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को रांची पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
.jpeg)