logo

उपलब्धियों से भरा जीवन : जानिए अमिताभ चौधरी के B.Tech से लेकर BCCI तक का सफर

AMITABH_CHOUDHARY.jpg

रांचीः

जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष अमिताभ चौधरी का निधन हो गया है। आज सुबह रांची के सैंटेविटा अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली है। अमिताभ चौधरी के निधन से पूरे झारखंड में शोक की लहर है। दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ है। बता दें कि आईपीएस रहते 2002 में अमिताभ बीसीसीआई के मेंबर बने। फिर 2005 से 2009 तक क्रिकेट टीम इंडिया के मैनेजर भी रहे। इसी साल वह जेपीएससी के चेयरमैन के पद से रिटायर्ड हुए थे। 6 जुलाई 1960 को उनका जन्म हुआ था। 62 साल की उम्र में अमिताभ चौधरी ने दुनिया को अलविदा कह दिया। रांची के जेएससीए स्टेडियम को बनवाने में इनका बहुत बड़ा हाथ था। अमिताभी चौधरी का जीवन उपलब्धियों से भरा रहा है। यहां उनके पूरे जीवन करियर को एक नजर में देखते हैं। 

 

बीटेक की डिग्री थी
अमिताभ चौधरी ने 1984 में आइआइटी खड़गपुर से बीटेक की डिग्री हासिल की। इसके बाद 1985 में आईपीएस बने. इन्होंने यूपीएससी की परीक्षा में इतिहास और भूगोल विषय को ऑप्शनल पेपर में रखा. पहले ही प्रयास में इन्होंने परीक्षा पास की और आईपीएस श्रेणी में पूरे भारत में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इन्हें बिहार कैडर मिला। श्री चौधरी 1997 में रांची के एसएसपी बनाये गये। अलग राज्य बनने के बाद अपनी क्षमता, सूझबूझ व बेहतर टीम की बदौलत इन्होंने रांची की जनता के बीच से अपराधियों का खौफ खत्म किया, जिसे लोग आज भी याद करते हैं। 

 

उपलब्धियों से भरा व्यक्तित्व
अमिताभ चौधरी जमशेदपुर में साल 2000 में एसपी रह चुके हैं। इनके नेतृत्व में कुख्यात अपराधी सुरेंद्र बंगाली और अनिल शर्मा की गिरफ्तारी हुई। उन्होंने गृह विभाग में विशेष सचिव (एडीजी रैंक) के पद से वीआरएस लिया था। 

 

बने जेएससीए अध्यक्ष
साल 2002 में वह बीसीसीआई के सदस्य बने। इसके बाद साल 2005 में वह झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के अध्यक्ष बने। फिर वर्ष 2005 से 2009 तक क्रिकेट टीम इंडिया के मैनेजर भी रहे। साल 2013 में उन्होंने आईपीएस की नौकरी से वीआरएस ले ली। 

 

साल 2014 में राजनीति में रखा कदम
साल 2014 में लोकसभा का चुनाव उन्होंने लड़ा। बाबूलाल मरांडी की पूर्व पार्टी जेवीएम से टिकट मिला था लेकिन 67 हजार वोट लाकर चौथे स्थान पर रहे। पदों में रहने की बात करें तो झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष, बीसीसीआई के सचिव सहित टीम इंडिया के मैनेजर भी रह चुके हैं। 

 

अक्टूबर 2020 में बनाये गये थे जेपीएससी अध्यक्ष
भारतीय पुलिस सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले चुके आईपीएस अधिकारी और झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पद से लेकर बीसीसीआई के कार्यवाहक सचिव जैसे पदों को सुशोभित कर चुके अमिताभ चौधरी को राज्य सरकार ने अक्टूबर 2020 में झारखंड लोकसेवा आयोग (जेपीएससी) का अध्यक्ष बनाया था. इनका कार्यकाल जुलाई 2022 को पूरा हुआ था.