द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज जिले के मिर्जाचौकी हाट परिसर में शनिवार को खाटू श्याम परिवार द्वारा खाटू श्याम नरेश की निशान यात्रा निकाली गई। निशान यात्रा की शुरुआत महादेववरण शिव मंदिर परिसर से हुई, जहां भक्तों ने भगवान शिव और माता पार्वती के दर्शन किए। इसके बाद यात्रा मिर्जाचौकी बाजार, रेलवे फाटक, गांधीनगर, उत्तरी महादेववरण, रेलवे स्टेशन रोड, चौधरी पट्टी, महादेववरण गांव, लोहार पट्टी और निमगाछी मोड़ होते हुए पुनः पूजा स्थल पर संपन्न हुई।
खाटू श्याम परिवार की ओर से इस यात्रा की पूरी तैयारी पहले से ही कर ली गई थी। खाटू श्याम परिवार के भल्टू चौधरी एवं अन्य सदस्यों ने बताया कि खाटू श्याम की प्रतिमा स्थापित करके विधिवत रूप से पूजा अर्चना की जाएगी। साथ ही रविवार देर शाम को भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। पहली बार झारखंड राज्य के साहिबगंज मिर्जाचौकी में प्रसिद्ध गायक कन्हैया मित्तल उपस्थित होंगे और खाटू श्याम भजनों से कार्यक्रम को रंगीन बनाएंगे। संध्या के समय भव्य भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें मिर्जाचौकी क्षेत्र के सभी खाटू श्याम भक्त बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में खाटू श्याम परिवार सभी व्यवस्थाओं में जुटा हुआ है।
