द फॉलोअप डेस्क
रांची के बिरसा चौक स्थित पेट्रोल पंप पर 31 दिसंबर की देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। रात करीब 11.54 बजे मारुति वैन में सवार पांच युवकों ने स्कूटी से आए एक युवक को कुचल दिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान धुर्वा थाना क्षेत्र के लंका कॉलोनी निवासी 29 वर्षीय विवेक कुमार के रूप में हुई है। विवेक पेशे से कैटरिंग का काम करते थे। परिजनों के अनुसार, 1 जनवरी को विवेक का जन्मदिन था और घर में जश्न की तैयारियां चल रही थीं। विवेक हवाई नगर से केक लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान वह बिरसा चौक पेट्रोल पंप पर स्कूटी में पेट्रोल भरवाने रुके।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी समय पीछे से आई एक मारुति वैन (नंबर JH01BT 9669) ने उनकी स्कूटी में हल्की टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। पेट्रोल भराने के बाद विवेक ने स्कूटी एक तरफ खड़ी की और अपनी पत्नी रौशनी से फोन पर बात करने लगे। तभी रात करीब 11.56 बजे वैन सवार युवकों ने अचानक गाड़ी चढ़ाकर विवेक को बेरहमी से कुचल दिया। पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन वे तेज रफ्तार में भाग निकले। सूचना मिलने पर पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और विवेक को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से रिम्स रेफर किया गया। हालांकि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
.jpeg)
इस घटना ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया। विवेक की पत्नी रौशनी घर पर घड़ी की सुइयों पर नजर टिकाए बैठी थीं। उन्होंने इच्छा जताई थी कि पति रात 12 बजे केक काटते समय वीडियो कॉल करेंगे। विवेक ने भी ऐसा करने का वादा किया था, लेकिन जन्मदिन की बधाई देने से महज चार मिनट पहले ही रौशनी को पति के निधन की खबर मिली। खुशी का इंतजार पल भर में मातम में बदल गया। विवेक के घर और लोहरदगा स्थित ससुराल में कोहराम मच गया।पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना में प्रयुक्त मारुति वैन पुरुलिया रोड, कुम्हार टोली गली नंबर-2 निवासी आलिया जरीन के नाम पर दर्ज है। जांच के अनुसार, 31 दिसंबर की रात जरीन के बेटे आलीस ने अपने दोस्त राजा को बताया कि उसके पिता शहर से बाहर हैं और गाड़ी घर पर है। इसके बाद राजा वहां पहुंचा और वैन लेकर निकल पड़ा। उसके साथ तीन अन्य युवक भी शामिल थे। सभी युवक कडरू इलाके में पार्टी करने के बाद पेट्रोल भरवाने बिरसा चौक पहुंचे थे। घटना को अंजाम देने के बाद वे सीधे कुम्हार टोली पहुंचे और रात करीब दो बजे वैन घर के बाहर खड़ी कर फरार हो गए।

वैन मालिक आलिया जरीन के पति परवेज अख्तर, जो सरकारी स्कूलों में ड्रेस सप्लाई का काम करते हैं, ने बताया कि घटना के वक्त वह शहर से बाहर थे। उनके अनुसार, राजा ने उनके बेटे से चाबी लेकर बिना बताए गाड़ी निकाल ली थी। 1 जनवरी की सुबह लोअर बाजार थाना से उन्हें हादसे की सूचना मिली। पुलिस ने गाड़ी जब्त कर ली है। परवेज ने बताया कि राजा से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन उसका फोन बंद है, जबकि उनका बेटा आलीस इस घटना के बाद से सहमा हुआ है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।