द फॉलोअप, रांची
उच्च एवं तकनीकि शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष को पत्र भेजकर माध्यमिक आचार्य नियुक्ति हेतू उर्दू एवं अन्य विषय के लिए जारी अंतिम कुंजी की त्रुटियों में सुधार का सुझाव दिया है। मंत्री ने झारखंड छात्र संघ के अध्यक्ष एस अली द्वारा प्राप्त अभ्यावेदन में वर्णित तथ्यों के आलोक में नियमनुसार समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। मालूम हो कि हाल ही में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित माध्यमिक आचार्य नियुक्ति परीक्षा में भारी अनियमितताएं पायी गयी है जिसके खिलाफ अभ्यर्थियों ने आयोग मुख्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन भी किया था।

झारखंड छात्र संघ के केन्द्रीय अध्यक्ष एस अली ने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार को मांग पत्र सौंपकर बताया कि जेएसएससी द्वारा जारी प्रोविजनल आंसर-की, जिसमें उर्दू विषय में लगभग 32 से ज्यादा प्रश्न एवं उत्तर गलत थे। वहीं पंच परगनिया, नागपुरी एवं अन्य विषयों में 07-08 प्रश्न एवं उत्तर गलत है। जेएसएससी द्वारा मांगे गए अपत्ति पर सुधार के लिए साक्ष्य के साथ आवेदन अभ्यर्थियों के द्वारा दिया गया लेकिन बिना सुधार किए फाइनल आंसर-की जारी कर दिया गया। वही पांच हजार से अधिक परीक्षार्थियों का आंसर-की जारी नहीं किया गया है। वहीं जिन अभ्यर्थियों का आंसर-की जारी की गई है, उनमें भी भारी त्रुटियां पाई गई। प्रश्न पत्रों में गलत उत्तर के विकल्प दिए गए। कई प्रश्न ही गलत थे। जेएसएससी की यह मनमानी, झारखंडी अभ्यर्थियों को नौकरी पाने के अवसर से वंचित करने जैसा है।
