logo

भूषण बाड़ा मामले में JMM विधायक बोले- जांच से पहले किसी को दोषी या निर्दोष कहना उचित नहीं

भूषण बाड़ा मामले में JMM विधायक बोले- जांच से पहले किसी को दोषी या निर्दोष कहना उचित नहीं

रांची 
भूषण बाड़ा (Bhushan Bara) मामले में आज जेएमएम (JMM) के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य सह विधायक विकास मुंडा (Vikas Munda) एवं सुदीप गुड़िया (Sudip Gudiya) ने प्रेस वार्ता की और कहा कि जांच (Investigation) से पहले किसी को दोषी या निर्दोष कहना उचित नहीं है। उन्होंने आगे कहा, लोग संयम बरतें, पुलिस इस मामले की निष्पक्ष जांच करे। विधायक विकास मुंडा ने कहा कि भूषण बाड़ा पर लगे आरोपों को लेकर पार्टी का स्पष्ट रुख है कि मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच होनी चाहिए। जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई (Legal Action) की जाए। उन्होंने मामले में साजिश (Conspiracy) की आशंका भी जताई और कहा कि इस पहलू की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस मामले को राजनीतिक रूप देने की कोशिश कर रहा है। जांच पूरी होने और वास्तविकता सामने आने से पहले किसी को अपराधी घोषित करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि साक्ष्यों के आधार पर ही किसी के बारे में राय बनानी चाहिए।

पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले पर ये बात कही 

पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले और पुलिस की कार्रवाई पर पूछे गए सवाल के जवाब में विकास मुंडा ने कहा कि पुलिस ने अब तक निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन किया है। उनके अनुसार, मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की है। पीड़िता को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष ले जाने और मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराने जैसी प्रक्रियाएं पूरी की गई हैं। जेएमएम नेता ने कहा, पोक्सो एक्ट के मामलों में कई संवेदनशील पहलू होते हैं, जिन्हें सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। ऐसे में मामले से जुड़े कुछ फैसले अदालत पर छोड़ देना चाहिए। गिरफ्तारी की मांग पर भी उन्होंने कहा कि इस संबंध में निर्णय लेने का अधिकार अदालत को है, इसलिए सभी को जांच और न्यायिक प्रक्रिया का इंतजार करना चाहिए।

पत्रकार से जुड़े सवाल का भी दिया जवाब 

पत्रकार से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि संबंधित पत्रकार इस मामले में शिकायतकर्ता भी हैं और पुलिस की ओर से पूछताछ या जांच के लिए बुलाए जाने पर सहयोग करना उचित है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने से पहले पत्रकार या विधायक, किसी के खिलाफ भी निष्कर्ष निकालना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी किसी को क्लीन चिट नहीं दे रही है, बल्कि निष्पक्ष जांच की मांग कर रही है। उन्होंने भाजपा पर मामले को लेकर राजनीतिक नैरेटिव बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जांच की प्रक्रिया पूरी होने देनी चाहिए और साक्ष्यों के आधार पर ही किसी के खिलाफ राय बनानी चाहिए।

Tags - Bhushan Bara JMM Vikas Munda Sudip Gudiya POCSO Case