द फॉलोअप डेस्क
निर्वाचन आयोग ने देशभर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तीसरे चरण की घोषणा कर दी है। इस चरण में झारखंड समेत 16 राज्यों और तीन केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाता सूची का सत्यापन कराया जाएगा। झारखंड में यह प्रक्रिया 20 जून 2026 से शुरू होगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन करेंगे। इस दौरान मतदाताओं के विवरण की जांच की जाएगी और जरूरत पड़ने पर सुधार भी दर्ज किए जाएंगे। साथ ही मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्य भी किया जाएगा।

अगस्त में जारी होगी प्रारूप मतदाता सूची
झारखंड में 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक मतदाता अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी शिकायतों और संशोधन संबंधी आवेदनों का निपटारा 3 अक्टूबर तक पूरा कर लिया जाएगा।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार झारखंड में कुल 2 करोड़ 64 लाख 89 हजार 777 मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए राज्य में 29,571 बीएलओ तैनात किए जाएंगे, जबकि विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से 21,644 बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त किए जाएंगे।

देशभर में 36 करोड़ से अधिक मतदाता होंगे शामिल
एसआईआर फेज-III के तहत देशभर में लगभग 36.73 करोड़ मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए 3.94 लाख से अधिक बीएलओ और 3.42 लाख बीएलए की तैनाती की जाएगी। निर्वाचन आयोग ने राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलए नियुक्त करने की अपील की है, ताकि प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जा सके।

कुछ राज्यों में बाद में घोषित होगा कार्यक्रम
निर्वाचन आयोग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में अभी एसआईआर कार्यक्रम लागू नहीं किया गया है। इन क्षेत्रों में मौसम और जनगणना के दूसरे चरण को ध्यान में रखते हुए बाद में कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। आयोग का कहना है कि पहले दो चरणों में 13 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में करीब 59 करोड़ मतदाताओं का पुनरीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है।
.jpeg)