logo

वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का अंतिम अवसर, 18 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष कैंप

वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का अंतिम अवसर, 18 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष कैंप

रांची
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार (K. Ravi Kumar) ने राज्य के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision–SIR) के तहत प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची (Voter List) में अपना नाम शामिल कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि आगामी 18 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों (Polling Stations) पर पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक बीएलओ-बीएलए-2 (BLO-BLA-2) की बैठक एवं चुनाव पाठशाला के साथ ‘एक और अवसर’ कैंप आयोजित किया जा रहा है। इस विशेष पहल का उद्देश्य ऐसे प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक को मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने का एक और अवसर उपलब्ध कराना है, जो किसी कारणवश अब तक सूची में शामिल नहीं हो सके हैं।

इन 3 बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा

उन्होंने बताया कि कैंप के दौरान मुख्य रूप से तीन बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पहला, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा एएसडीडी (ASDD) सूची का सभी मतदान केंद्रों पर पुनः प्रकाशन किया जा रहा है। यदि कोई पात्र भारतीय नागरिक किसी कारणवश इस सूची में शामिल हो गये हैं, तो वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 अथवा इन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। दूसरा, नो मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी एवं अन्य श्रेणियों के वैसे मतदाताओं की सूची भी संबंधित मतदान केंद्रों पर उपलब्ध कराई जा रही है, जिन्हें निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO) स्तर से सुनवाई के क्रम में दो बार नोटिस जारी करने तथा घर-घर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद अब तक आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए हैं।

पात्र भारतीय नागरिकों की भी पहचान की जा रही है

तीसरा, ऐसे पात्र भारतीय नागरिकों की भी पहचान की जा रही है, जो 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु प्राप्त कर चुके हैं, लेकिन अभी तक संबंधित मतदान केंद्र की मतदाता सूची में अपना नाम शामिल नहीं करा सके हैं। ऐसे पात्र भारतीय नागरिकों से फॉर्म-6 प्राप्त कर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्रवाई की जाएगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि SIR के तहत आयोजित की जा रही यह छठी एवं अंतिम बीएलओ-बीएलए-2 बैठक है। उन्होंने राज्य के सभी पात्र नागरिकों से इस अवसर का लाभ उठाने तथा मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।


 

Tags - SIR Voter Registration Voter List K Ravi Kumar Jharkhand Election