रांची
झारखंड में लंबे समय के लिए अनुकूल स्थान पर तबादले के लिए इंतेजार कर रहे प्राथमिक शिक्षकों के लिए ये सुनहरा अवसर है। मिली खबर में बताया गया है कि शिक्षा विभाग ने इसके लिए नया ऑनलाइन ट्रांसफर पोर्टल तैयार कर लिया है। 15 सितंबर के बाद शिक्षक इस पोर्टल के माध्यम से तबादले के लिए आवेदन कर सकेंगे। विभाग फिलहाल पोर्टल के सिक्योरिटी ऑडिट की प्रक्रिया पूरी करने में जुटा है। नई व्यवस्था के तहत शिक्षक अपने जिले के भीतर ही नहीं, बल्कि दूसरे जिले में भी तबादले का अनुरोध कर सकेंगे। इससे उन शिक्षकों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है, जो लंबे समय से अपने गृह जिले, घर के आसपास या अपनी पसंद के स्कूल में पदस्थापन का इंतजार कर रहे हैं।

अप्रैल में तैयार हुआ नया पोर्टल
शिक्षा विभाग ने तबादले की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए नया पोर्टल तैयार किया है। यह पोर्टल अप्रैल में ही बनकर तैयार हो गया था, लेकिन सिक्योरिटी ऑडिट पूरा नहीं होने के कारण इसे शुरू नहीं किया जा सका। अब ऑडिट अंतिम चरण में है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक अगले दस दिनों में पोर्टल शुरू हो सकता है। इससे पहले 2019 और 2022 में भी शिक्षकों के तबादले के लिए ऑनलाइन पोर्टल तैयार किए गए थे। हालांकि टेस्टिंग के दौरान तकनीकी समस्याओं के कारण दोनों बार प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी थी। इस बार विभाग ने पुराने अनुभवों को ध्यान में रखते हुए नई व्यवस्था तैयार की है।
.jpeg)
इन शिक्षकों को मिलेगी प्राथमिकता
तबादले की प्रक्रिया में कुछ श्रेणियों के शिक्षकों को प्राथमिकता दिए जाने का प्रावधान है। इनमें-
• असाध्य बीमारी से पीड़ित शिक्षक
• पति-पत्नी दोनों के सरकारी कर्मचारी होने की स्थिति
• 50 वर्ष से अधिक उम्र की महिला शिक्षिका
• समान पद और विषय वाले शिक्षकों का आपसी सहमति से म्युचुअल तबादला
शामिल हैं।

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें