द फॉलोअप डेस्क
आगामी ईद-उल-जुहा (बकरीद) के मद्देनजर राज्य में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर आज पुलिस मुख्यालय, रांची में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता ने की।
बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक प्रिया दूबे, पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) डॉ. माईकलराज एस., पुलिस महानिरीक्षक (झारखंड जगुआर) अनुप बिरथरे, पुलिस उपमहानिरीक्षक इंद्रजीत माहथा, तथा पुलिस अधीक्षक (विशेष शाखा) मूमल राजपुरोहित भौतिक रूप से उपस्थित रहे। वहीं, राज्य के सभी प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, क्षेत्रीय पुलिस उपमहानिरीक्षक, वरीय पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षकगण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
इन प्रमुख बिंदु पर की गई समीक्षा
बैठक में जिलावार निम्नलिखित बिंदुओं पर गहन समीक्षा की गई
1. विगत वर्ष ईद-उल-जुहा या अन्य सांप्रदायिक घटनाओं से संबंधित मामलों की अद्यतन स्थिति।
2. असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई।
3. विधि-व्यवस्था हेतु दंडाधिकारी व बलों की प्रतिनियुक्ति।
4. संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा उपाय जैसे CCTV, ड्रोन निगरानी और वीडियोग्राफी।
5. संयुक्त नियंत्रण कक्ष एवं आपातकालीन योजना की व्यवस्था।
6. थाना स्तरीय शांति समिति की बैठकें।
7. दंगारोधी उपकरणों व वाहनों की उपलब्धता और एंटी रॉयट ड्रिल की तैयारी।
8. लंबित वारंटों और कुर्की मामलों की स्थिति।
9. भड़काऊ गानों पर नियंत्रण।
10. सोशल मीडिया पर निगरानी।
11. प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी की रोकथाम।
DGP ने दिए कई निर्देश
बैठक के दौरान डीजीपी अनुराग गुप्ता ने सभी जिलों को निर्देशित किया कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। जहां पूर्व में सांप्रदायिक घटनाएं हुई हैं, वहां विशेष सतर्कता बरती जाए। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए और ऐसी सूचनाएं देने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित कर पुरस्कृत किया जाए। हॉटस्पॉट स्थानों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए। मोटरसाइकिल दस्ते के माध्यम से गश्ती तेज की जाए। बलों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। जिला नियंत्रण कक्ष को प्रभावी तरीके से क्रियाशील रखा जाए। त्योहार पूर्व शांति समिति की बैठक कर स्थानीय समस्याओं का समाधान किया जाए। डीजे पर भड़काऊ गाने बजाने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएं। बैठक में सभी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बनाई गई सुरक्षा रणनीति की प्रस्तुति दी। पुलिस मुख्यालय ने राज्य में शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु हर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश जारी किए हैं।