logo

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बिहार चुनाव को लेकर तेज की तैयारी, 12 सीटों पर कर सकता है दावेदारी

SUNDARHEM.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा अब बिहार की राजनीति में भी अपनी जमीन तलाशने में जुट गया है। पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। खासकर उन इलाकों पर फोकस किया जा रहा है जो झारखंड की सीमा से सटे हुए हैं और जहां झारखंडी संस्कृति, भाषा और आदिवासी पहचान की झलक मिलती है। झामुमो की योजना है कि वह बिहार की ऐसी करीब 12 विधानसभा सीटों पर दावेदारी करे, जहां उसे अपने सामाजिक आधार पर भरोसा है। पार्टी के नेताओं का मानना है कि इन क्षेत्रों में उनकी पकड़ पहले से मजबूत है, और वहां हेमंत सोरेन की लोकप्रियता भी असर दिखा सकती है। इसके लिए पार्टी संगठन को बिहार में मजबूत किया जा रहा है। 


आने वाले दिनों में झामुमो का शीर्ष नेतृत्व वहां सक्रिय नेताओं से मुलाकात करेगा और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देगा। राजद गठबंधन से तालमेल की कोशिशें भी चल रही हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में पार्टी की एक अहम बैठक हुई, जिसमें बिहार चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई। यह तय किया गया कि उन इलाकों में हेमंत सोरेन की सभाएं कराई जाएंगी, जहां लोग पहले से झारखंड सरकार की योजनाओं से प्रभावित हैं। साफ है कि झामुमो अब सिर्फ झारखंड तक सीमित नहीं रहना चाहता। बिहार में उसकी बढ़ती गतिविधियां इस बात का संकेत हैं कि पार्टी अब राज्य की सीमाओं के पार जाकर अपना प्रभाव बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। अब देखना यह होगा कि राजद और झामुमो के बीच सीटों का गणित कैसे बैठता है।