logo

5 घंटे लेट ट्रेन से जेटेट के 1000 से अधिक अभ्यर्थियों की परीक्षा छूटी, किसकी होगी जिम्मेदारी?

5 घंटे लेट ट्रेन से जेटेट के 1000 से अधिक अभ्यर्थियों की परीक्षा छूटी, किसकी होगी जिम्मेदारी?

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

झारखंड में 10 साल के लंबे इंतजार के बाद रविवार, 1 नवंबर को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) आयोजित की गई। लेकिन परीक्षा में शामिल होने जा रहे 1000 से अधिक अभ्यर्थियों को ट्रेन की देरी के कारण परीक्षा से वंचित रहना पड़ा। सोशल मीडिया पर एक अभ्यर्थी की पोस्ट के अनुसार, जसीडीह से टाटानगर जाने वाली ट्रेन संख्या 18182 अपने निर्धारित समय सुबह 7 बजे के बजाय करीब पांच घंटे देरी से पहुंची। अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने जेटेट के लिए एक दशक तक इंतजार किया, लेकिन रेलवे की देरी ने उनकी मेहनत और उम्मीदों पर पानी फेर दिया।


तीन जिलों का विकल्प देने के बाद 10 जिलों से दूर मिला परीक्षा केंद्र

अभ्यर्थी ने अपनी पोस्ट में बताया कि परीक्षा केंद्र आवंटन के दौरान उन्होंने तीन जिलों का विकल्प चुना था, इसके बावजूद उन्हें अपने जिले से करीब 10 जिलों दूर परीक्षा केंद्र दिया गया। ऐसे में परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए उन्हें ट्रेन से सफर करना पड़ा। ट्रेन की पांच घंटे की देरी के कारण कई अभ्यर्थी समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच सके। पोस्ट में 1000 से अधिक अभ्यर्थियों के परीक्षा छूटने का दावा किया गया है।

अभ्यर्थियों ने उठाए रेलवे और परीक्षा व्यवस्था पर सवाल

परीक्षा छूटने से नाराज अभ्यर्थियों ने रेलवे और परीक्षा व्यवस्था की जवाबदेही पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब परीक्षा की तारीख पहले से निर्धारित थी, तो दूर-दराज के केंद्रों पर परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए बेहतर व्यवस्था क्यों नहीं की गई। अभ्यर्थियों ने पूछा है कि उनकी वर्षों की तैयारी और इंतजार का नुकसान कौन उठाएगा। हालांकि, 1000 से अधिक अभ्यर्थियों के परीक्षा छूटने के दावे और ट्रेन की देरी से प्रभावित अभ्यर्थियों की वास्तविक संख्या की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

Tags - J-TET Jharkhand Train Delay Railway Education News