झारखंड
झारखंड सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से फेरबदल करते हुए 17 जिलों के उपायुक्तों का एक साथ तबादला कर दिया है। शुक्रवार देर रात जारी अधिसूचना में कई आईएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के इस व्यापक बदलाव के केंद्र में पूर्वी सिंहभूम जिले की पदस्थापना है, जहां मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष सचिव की अहम भूमिका निभा चुके 2013 बैच के आईएएस अधिकारी राजीव रंजन को जमशेदपुर का नया उपायुक्त बनाया गया है। वे इससे पहले मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग में विशेष सचिव के रूप में कार्यरत थे। वहीं, वर्तमान डीसी कर्ण सत्यार्थी को फिलहाल प्रतीक्षा सूची में रखा गया है।
कई वरिष्ठ अधिकारियों को जिलों की जिम्मेदारी और डीडीसी का प्रमोशन
इसके अलावा, पाकुड़ के डीसी 2018 बैच के आईएएस मनीष कुमार को पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) का नया उपायुक्त बनाया गया है। मनीष कुमार पूर्व में जमशेदपुर के डीडीसी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जिससे उन्हें कोल्हान की भौगोलिक और प्रशासनिक स्थिति का अच्छा अनुभव प्राप्त है। अधिसूचना के अनुसार, विभिन्न मंत्रालयों, निदेशालयों, आयोगों और सोसायटी में अहम जिम्मेदारियां संभाल रहे पांच वरिष्ठ अधिकारियों को अब जिलों की कमान सौंपी गई है।इसके अलावा, कई वरिष्ठ अधिकारियों को जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कुछ डीडीसी को पदोन्नति देकर उपायुक्त बनाया गया है।
कई जिलों में नए डीसी की तैनाती
झारखंड लोक सेवा आयोग में सचिव रहे संदीप कुमार को लातेहार का उपायुक्त बनाया गया है। जेएसएलपीएस के सीईओ अनन्य मित्तल को गढ़वा का डीसी नियुक्त किया गया है। निबंधन महानिरीक्षक मेघा भारद्वाज को पाकुड़ की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं और उत्पाद आयुक्त लोकेश मिश्रा को गोड्डा का उपायुक्त बनाया गया है। वहीं दिलीप प्रताप सिंह शेखावत को लोहरदगा से स्थानांतरित कर पलामू, सौरभ कुमार भुवानिया को खूंटी और डीडीसी आलोक कुमार को जामताड़ा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।अन्य बदलावों में हजारीबाग के डीसी रहे शशि प्रकाश सिंह को देवघर, साहिबगंज के उपायुक्त हेमंत सती को हजारीबाग और पाकुड़ के डीसी मनीष कुमार को पश्चिमी सिंहभूम का उपायुक्त बनाया गया है। कोडरमा के डीसी रहे ऋतुराज को रामगढ़, जामताड़ा के रवि आनंद को चतरा और गोड्डा के डीडीसी दीपक कुमार दुबे को साहिबगंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, गुमला के डीडीसी दिलेश्वर महतो को पदोन्नति देते हुए उसी जिले का उपायुक्त बनाया गया है।
अगली तैनाती तक कार्मिक विभाग में योगदान देने का निर्देश
कुछ अधिकारियों को फिलहाल नई तैनाती नहीं दी गई है। पूर्वी सिंहभूम के डीसी रहे कर्ण सत्यार्थी, खूंटी की डीसी रहीं आर. रानिटा, गढ़वा के दिनेश यादव और पश्चिमी सिंहभूम के चंदन कुमार को कार्मिक विभाग में योगदान देने को कहा गया है। पलामू की डीसी रहीं समीरा एस को भी अभी पदस्थापित नहीं किया गया है। ये सभी अगले आदेश तक पदस्थापन की प्रतीक्षा में रहेंगे।