द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र स्थित फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में आज झारखंड-छत्तीसगढ़ अंतर्राज्यीय पुलिस बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में गढ़वा पुलिस की ओर से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंका रोहित रंजन सिंह, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी भंडरिया सुभाष कुमार पासवान, थाना प्रभारी रंका रवि कुमार केशरी, थाना प्रभारी चिनिया अमित कुमार और थाना प्रभारी बड़गड़ दीपक कुमार मौर्य उपस्थित रहे। वहीं रामानुजगंज पुलिस की ओर से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामानुजगंज बाजीलाल सिंह, थाना प्रभारी रामानुजगंज अजय साहू, थाना प्रभारी त्रिकुंडा व्यास नारायण चुरेंद्र, थाना प्रभारी रामचंद्रपुर बृजमोहन गुप्ता और चौकी प्रभारी विजयनगर अश्विनी सिंह बैठक में शामिल हुए।
.jpg)
बैठक में दोनों राज्यों की पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में अपराध नियंत्रण, अपराधियों, संदिग्धों और वारंटियों की जानकारी साझा करने और सूचनाओं के आदान-प्रदान करने पर चर्चा की। इसके अलावा अंतर्राज्यीय गिरफ्तारी के नियमों का पालन, साइबर अपराध, वित्तीय धोखाधड़ी और हाईटेक अपराधों की जांच में तकनीकी सहयोग प्रदान करने, अपराध नियंत्रण के लिए सीमाओं पर बेहतर चेकिंग और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाने, वामपंथी उग्रवाद एवं आतंकवाद पर नकेल कसने हेतु आपसी समन्वय, विशेष सुरक्षा व्यय (SRE) योजना के तहत संयुक्त कार्रवाई और क्षमता निर्माण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति व्यक्त की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य झारखंड और छत्तीसगढ़ की पुलिस के बीच तालमेल स्थापित करना, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाना और सुरक्षा को मजबूत करना है।
