logo

झारखंड में बिजली पर बवाल : दर में वृद्धि और गलत बिलिंग के खिलाफ भाजपा का हल्ला बोल; दिया अल्टीमेटम

rnc_bjp.jpg

रांची 

झारखंड में बिजली दर में वृद्धि, कटौती और स्मार्ट एवं पोस्टपेड मीटर में गलत बिलिंग के विरोध में भाजपा ने शुक्रवार को प्रदेश भर के सभी जिला मुख्यालय में बिजली विभाग के समक्ष महाधरना दिया। इसी क्रम में भाजपा, रांची महानगर, रांची पूर्वी एवं रांची पश्चिमी जिला के संयुक्त तत्वावधान में डोरंडा स्थित झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) कार्यालय के समक्ष बिजली दर में बेतहाशा वृद्धि, लगातार हो रही बिजली कटौती एवं पोस्टपेड मीटर में अनियमित बिलिंग के विरोध में एक दिवसीय सांकेतिक महाधरना का आयोजन किया गया। इस महाधरना की अध्यक्षता भाजपा, रांची महानगर जिला के अध्यक्ष वरुण साहू एवं संचालन महामंत्री जितेंद्र वर्मा ने किया। वहीं मुख्य रूप से रांची के विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहें।

सड़क से सदन तक आंदोलन करेंगे तेज 

वहीं रांची विधायक सीपी सिंह ने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। आम जनता को महंगी बिजली के साथ-साथ लगातार कटौती और गलत बिलिंग का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार और बिजली विभाग जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन हो चुके हैं। यदि शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन को और तेज करेगी। इस दौरान हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण आम उपभोक्ताओं पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है। पोस्टपेड मीटर के नाम पर गलत बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार सबसे अधिक प्रभावित हैं। उन्होंने विभाग को चेतावनी दी कि जनता के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर हेमंत सरकार नहीं चेती तो हम बिजली विभाग का हुंका- पानी बंद कर देंगे।

बिजली विभाग की कार्यशैली में पारदर्शिता का अभाव

महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि शहर में बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है व्यवसाय, शिक्षा एवं घरेलू कार्य सभी प्रभावित हो रहे हैं। बिजली विभाग स्मार्ट मीटर के नाम पर आम जनता का जेब काट रहा है। उन्होंने कहा कि आज हम चेतावनी देने आए हैं,व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन चलाएंगे। रांची पूर्वी जिला अध्यक्ष विनय महतो ने कहा कि बिजली विभाग की कार्यशैली में पारदर्शिता का अभाव है। उपभोक्ताओं को सही जानकारी और समाधान नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। रांची पश्चिमी जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा हमेशा जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक बिजली दर में कमी, निर्बाध आपूर्ति और सही बिलिंग सुनिश्चित नहीं होती, तब तक भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा। इस महाधरना में उपस्थित सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में बिजली विभाग की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और शीघ्र समाधान की मांग की।

Tags - Jharkhand BJP protest power tariff hike electricity rate increase power cut issue wrong billing complaint smart meter controversy postpaid meter billing JBVNL protest Ranchi protestCP Singh Naveen JaiswalBJP agitationstate government