द फॉलोअप डेस्क
शराब घोटाले में गिरफ्तार किए गए झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी सुधीर कुमार और सुधीर कुमार दास को राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया है। कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। झाप्रसे के दोनों अधिकारियों को 21 मई की तिथि से निलंबित किया गया है। दोनों ही अधिकारी एसीबी द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में हैं। सुधीर कुमार झारखंड राज्य बेवरेज कॉरपोरेशन लिमिटेड रांची के महाप्रबंधक सह वित्त के पद पर रहे थे। वहीं सुधीर कुमार दास वर्तमान में बेवरेज कॉरपोरेशन के महाप्रबंधक थे। इन दोनों ही अधिकारियों को आईएएस विनय कुमार चौबे और गजेंद्र सिंह की गिरफ्तारी के अगले दिन एसीबी ने हिरासत में लिया था। विनय कुमार चौबे उत्पाद विभाग के पूर्व में सचिव सह आयुक्त रहे थे जबकि गजेंद्र सिंह संयुक्त उत्पाद कमिश्नर के पद पर पदस्थापित थे।