logo

जामताड़ा एसपी की बड़ी कार्रवाई- थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मी निलंबित

ीोरकहसोी2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं को पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने गंभीरता से लिया है। अपराध नियंत्रण में लापरवाही को लेकर एसपी ने सख्त कदम उठाते हुए जामताड़ा थाना प्रभारी सहित कुल छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में साफ संदेश गया है कि कर्तव्य में कोताही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जामताड़ा थाना क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रखने के आरोप में थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। एसपी राजकुमार मेहता ने कहा कि थाना क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही थीं। ऐसे में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई आवश्यक थी ताकि अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

इसी क्रम में 25 और 26 दिसंबर की रात मिहिजाम थाना क्षेत्र में शिर्डी ज्वेलरी दुकान में हुई बड़ी चोरी की घटना पर भी सख्त रुख अपनाया गया है। रात्रि गश्ती में लापरवाही और असामाजिक तत्वों पर निगरानी नहीं रखने के आरोप में मिहिजाम थाना के एएसआई अजय कुमार, आरक्षी परमेश्वर मंडल, आरक्षी मनबोध कुमार सिंह तथा टाइगर मोबाइल टीम के आरक्षी निशांत चक्रवर्ती और आरक्षी प्रदीप दास को निलंबित करते हुए लाइन हाजिर किया गया है। एसपी ने स्पष्ट किया कि गश्ती में लापरवाही सीधे जनता की सुरक्षा से जुड़ा विषय है।

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब 24 दिसंबर की शाम जामताड़ा के बालाजी ज्वेलर्स में चार नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर लाखों की डकैती की थी। इस दौरान दुकान मालिक अमन बर्मन को गोली मारकर अपराधी फरार हो गए थे। पुलिस द्वारा 24 घंटे का अल्टीमेटम दिए जाने के बावजूद अब तक न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकी है और न ही मामले का खुलासा हुआ है। घायल अमन बर्मन का इलाज दुर्गापुर के मिशन अस्पताल में चल रहा है।