द फॉलोअप डेस्क
शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला जामताड़ा थाना क्षेत्र के राजपल्ली मोहल्ले से सामने आया है, जहां बीती देर रात चोरों ने एक बैंक कर्मी के घर को निशाना बनाते हुए लाखों के जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।जानकारी के अनुसार, पीड़ित प्रदीप चौबे भारतीय स्टेट बैंक बोदमा शाखा में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं। वह सपरिवार राजपल्ली स्थित एक किराए के मकान में रहते हैं। यह मकान जामताड़ा एसडीओ कार्यालय के प्रधान लिपिक बैजू झा का बताया जा रहा है। घटना के वक्त बैंक कर्मी अपने परिवार के साथ दूसरे कमरे में सो रहे थे। चोरों ने बड़ी चालाकी से घर की खिड़की तोड़ी और अंदर प्रवेश किया।

लाखों के जेवरात गायब
पीड़ित प्रदीप चौबे ने बताया कि जब वे सुबह उठे और बगल के कमरे का दरवाजा खोला, तो उनके होश उड़ गए। कमरे का सारा सामान बिखरा पड़ा था और गोदरेज की अलमारी का ताला टूटा हुआ था। चोरों ने अलमारी में रखे दो सोने की अंगूठीदो सोने की बाली, तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए हैं।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग लगाया जा सके। रिहायशी इलाके और प्रशासनिक अधिकारी के आवास में हुई इस चोरी ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मोहल्ले वासियों में इस घटना के बाद से भय का माहौल है।