द फॉलोअप, जमशेदपुरः
जमशेदपुर में बढ़े नदी के जलस्तर के बीच शुक्रवार देर शाम सुवर्णरेखा नदी में बड़ा हादसा हो गया। शहरी क्षेत्र के बारीडीह बस्ती स्थित जिला स्कूल के पास शुक्रवार देर शाम सुवर्णरेखा नदी में मछली पकड़ रहे दो मछुआरे नाव समेत तेज धार में बह गये। घटना रात करीब 8.30 बजे की बतायी जा रही है। दोनों मछुआरे बारीडीह बस्ती के मीरा पथ के रहने वाले हैं। उनकी पहचान बिट्टू कुमार और अनूप सिंह के रूप में हुई है।

बारिश के कारण बढ़ा जलस्तर
दोनों की उम्र करीब 32 से 35 वर्ष बतायी जा रही है। लगातार बारिश के चलते सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है। इसके बावजूद दोनों मछुआरे लकड़ी की नाव लेकर नदी में मछली पकड़ने गये थे। इसी दौरान पानी के तेज बहाव और हवा के कारण नाव नदी की मुख्य धारा की ओर चली गयी। दोनों कुछ समझ पाते, इससे पहले तेज बहाव की चपेट में आने से नाव असंतुलित हो गयी और दोनों मछुआरे नाव समेत नदी में बह गये।
.jpeg)
नदी के किनारे जुटे लोग
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग नदी किनारे जुट गये और दोनों की तलाश शुरू की गयी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और जिला प्रशासन को दी। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर भी घटना की जानकारी जुटायी जा रही है और दोनों मछुआरों के परिजनों से संपर्क किया गया है। शनिवार सुबह तक दोनों मछुआरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। खबर लिखे जाने तक नदी में उनकी तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर नहीं पहुंची थी। नदी का जलस्तर बढ़े होने और तेज बहाव के कारण तलाश अभियान में भी चुनौती बनी हुई है।