logo

रांची समेत पूरे झारखंड में कड़ाके की ठंड, कई जिलों में ऑरेंज-यलो अलर्ट; सड़कों पर पसरा सन्नाटा

मदत्.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची समेत पूरे झारखंड में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। राजधानी रांची के मैक्लुस्कीगंज में शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे गिरकर माइनस 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। वहीं खूंटी जिले में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भीषण ठंड के चलते सुबह और देर रात सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग अलाव जलाकर और गर्म कपड़ों के सहारे ठंड से बचाव करते नजर आए। राज्य के कई जिलों में तापमान में अचानक तेज गिरावट दर्ज की गई है। बोकारो में न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक 6.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जबकि डालटनगंज में 5.6 डिग्री और चाईबासा में 5.5 डिग्री की गिरावट देखी गई।


शनिवार को देवघर में घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता काफी कम रही, जिससे सुबह के समय वाहनों की रफ्तार धीमी रही। फिलहाल झारखंड के चार जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में हो रही बर्फबारी का असर झारखंड तक पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन 13 जनवरी से एक बार फिर ठंड बढ़ने के आसार हैं। शीतलहर को देखते हुए गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा और गुमला जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रांची, रामगढ़, बोकारो, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिम सिंहभूम में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।


आने वाले दिनों के तापमान पूर्वानुमान के अनुसार, झारखंड के अधिकांश जिलों में ठंड का असर बना रहेगा। बोकारो में 10 जनवरी को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहने का अनुमान है, जो 11 जनवरी को बढ़कर 10 डिग्री हो सकता है, जबकि 12 जनवरी को फिर घटकर 9 डिग्री पर पहुंच सकता है। गुमला में तापमान 5 से 6 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। जामताड़ा में अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री के आसपास रह सकता है। लातेहार और रामगढ़ में भी ठंड बनी रहेगी, जहां तापमान 5 से 8 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। खूंटी में 10 और 11 जनवरी को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रह सकता है, जबकि 12 जनवरी को यह गिरकर 9 डिग्री तक पहुंच सकता है। सिमडेगा में तापमान 8 डिग्री के आसपास स्थिर रहने के संकेत हैं। गिरिडीह और घाटशिला में भी तापमान 8 से 10 डिग्री के बीच बना रहेगा।


चाईबासा में न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। पलामू के सबसे ठंडा इलाका बने रहने के आसार हैं, जहां 10 जनवरी को तापमान 3 डिग्री, 11 जनवरी को 4.3 डिग्री और 12 जनवरी को 6.2 डिग्री तक पहुंच सकता है। चतरा और कोडरमा में भी तापमान 7 से 9 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है, जिससे फिलहाल ठंड से राहत के आसार कम नजर आ रहे हैं।