द फॉलोअप डेस्क
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। भुवनेश्वर से रांची आ रहे इंडिगो एयरलाइंस के विमान (संख्या 6ई-7361) की लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण विमान को हार्ड लैंडिंग करानी पड़ी। इस दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया, जिससे विमान क्षतिग्रस्त हो गया। विमान में सवार सभी 56 यात्री सुरक्षित हैं, हालांकि कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आने की सूचना है। जानकारी के अनुसार, इंडिगो का यह विमान शाम 7:55 बजे भुवनेश्वर से रवाना हुआ था और रात करीब 8:30 बजे रांची एयरपोर्ट पर उतरना था। लैंडिंग के समय अचानक आई तकनीकी समस्या के कारण विमान को तेज झटके के साथ रनवे पर उतारना पड़ा। झटके के बाद यात्रियों में अफरातफरी मच गई, लेकिन पायलट की सूझबूझ से विमान को नियंत्रित कर एप्रन पर सुरक्षित रोक दिया गया। विमान के रुकते ही सभी यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। यात्रियों ने बताया कि लैंडिंग के दौरान जोरदार झटका लगा, जिससे कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। कुछ लोगों को मामूली चोटें भी आई हैं।

घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच शुरू की गई। शुरुआती जांच में इंजीनियरों ने विमान को उड़ान के लिए अनुपयुक्त बताया, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से उसे ग्राउंडेड कर दिया गया। इस हादसे का असर रांची से भुवनेश्वर जाने वाली इंडिगो की अगली उड़ान पर भी पड़ा। रांची से भुवनेश्वर जाने वाले यात्रियों ने बताया कि उन्हें देर रात तक एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा और स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। विमान को पहले रात 9:40 बजे ग्राउंडेड घोषित किया गया था। बाद में एयरलाइंस ने छह से सात घंटे के भीतर वैकल्पिक विमान से यात्रा कराने की बात कही, लेकिन दूसरे विमान की व्यवस्था नहीं हो सकी।

अंततः इंडिगो एयरलाइंस की ओर से यात्रियों के लिए होटल और भोजन की व्यवस्था की गई। रांची से भुवनेश्वर जाने वाले 77 यात्रियों को रात में ही ठहराया गया। घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइंस की ओर से मामले की समीक्षा की जा रही है।