जामताड़ा:
Jharkhand News: झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। लेकिन जमीनी स्तर पर सरकारी व्यवस्था की सुस्ती के कारण जरूरतमंद महिलाएं ही इस योजना के लाभ से वंचित रह जा रही हैं। जामताड़ा प्रखंड के गोपालपुर पंचायत अंतर्गत शहरबेरा गांव की ग्राउंड रिपोर्ट में ऐसी ही चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। आदिवासी बहुल इस गांव की करीब 90 प्रतिशत गरीब महिलाएं अब तक योजना का लाभ नहीं उठा पाई हैं।
जरूरी दस्तावेज होने के बावजूद योजना से वंचित
गांव की महिलाओं से बातचीत में सरकारी तंत्र और प्रक्रियागत लापरवाही की कई बातें सामने आई हैं। दुलाली हांसदा, सुमित्रा बास्की, सूरजमुनि मुर्मू, रबोनी मुर्मू, रासमुनि मुर्मू, बासोनी मरांडी और फूलकुमारी सोरेन समेत कई महिलाओं का कहना है कि उनके पास आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, राशन कार्ड और बैंक पासबुक जैसे सभी जरूरी दस्तावेज मौजूद हैं। इसके बावजूद उन्हें योजना की राशि नहीं मिल रही है।
पंचायत से प्रखंड कार्यालय तक लगा रही चक्कर
महिलाओं के मुताबिक, उन्होंने पंचायत से लेकर प्रखंड कार्यालय और अन्य संबंधित जगहों पर कई बार आवेदन जमा किए, लेकिन अब तक उनका नाम लाभुकों की सूची में शामिल नहीं किया गया है। इसे लेकर ग्रामीण महिलाओं में नाराजगी है। उनका कहना है कि मतदान के समय वे हमेशा आगे रहती हैं, लेकिन सरकारी योजनाओं का लाभ देने की बारी आती है तो उन्हें नजरअंदाज कर दिया जाता है।
पति की मौत के बाद चार बच्चों की जिम्मेदारी, न मंईयां सम्मान न विधवा पेंशन
इस गांव की फूलकुमारी सोरेन की परेशानी और भी गंभीर है। उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले ही उनके पति का निधन हो गया। अब उनके सिर पर चार बच्चों, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा है, की परवरिश की जिम्मेदारी है। फूलकुमारी को न तो मंईयां सम्मान योजना का लाभ मिल रहा है और न ही विधवा पेंशन योजना का सहारा मिल सका है। उनके अनुसार, पंचायत और विभागीय कार्यालयों के कई चक्कर लगाने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।