logo

रामगढ़ के पतरातू में कोयला व्यवसायियों के घरों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, दहशत में लोग

जोूीोूह.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र के सरिया टोला में गुरुवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने दो कारोबारियों के घरों पर अंधाधुंध फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। बदमाशों ने कोयला व्यवसायी गजानंद प्रसाद के आवास के पास 8 से 9 राउंड गोलियां चलाईं, जबकि सेल संचालक नीतीश कुमार के घर पर भी करीब 9 राउंड फायरिंग की। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बाइक सवार अपराधी सियाल सौंदा बस्ती की ओर से आए थे। उन्होंने पहले दोनों घरों के पास ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और फिर भाग निकले। फरार होते समय बदमाशों ने सौंदा बस्ती के मुख्य चौक और एक दुकान के समीप भी फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।


सूचना मिलने पर एसडीपीओ गौरव गोस्वामी, पतरातू थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार और सशस्त्र बल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से कई खाली खोखे बरामद किए हैं। पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस इस घटना को सुनियोजित हमला मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। इलाके में पहले भी इस तरह की वारदातें हो चुकी हैं। क्षेत्र में राहुल दुबे और अमन साहू गिरोह के सक्रिय होने की चर्चा है। पुलिस कोयला कारोबार से जुड़े रंगदारी के एंगल पर भी जांच कर रही है, क्योंकि इस क्षेत्र में पहले भी रंगदारी मांगने की घटनाएं सामने आती रही हैं।


फिलहाल पुलिस ने जल्द अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा किया है। घटना के बाद व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल कायम है।