logo

लोहरदगा में युवक ने मां और पत्नी को लोहे की रॉड से पीटकर मार डाला, घरेलू विवाद में हुआ कत्ल

lohardaga_double_murder.jpg

लोहरदगा
लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत धनामुन्जी गांव की जामुन टोली में शनिवार शाम करीब 5 बजे घरेलू विवाद में एक युवक ने अपनी वृद्ध मां और पत्नी की सब्बल से पीट-पीटकर हत्या कर दी. इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतकों की पहचान जामुन टोली निवासी 75 वर्षीय रूपी उरांव और उनकी बहू 32 वर्षीय सुमरी उरांव, के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार दोनों की हत्या आरोपी मड़वा उरांव ने की है. जानकारी के मुताबिक, शनिवार को परिवार के अन्य सदस्य आम बागान में आम तोड़ने गए हुए थे. इसी दौरान शाम करीब 5 बजे मड़वा उरांव घर लौटा और किसी बात को लेकर उसकी अपनी मां और पत्नी से कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर उसने घर में रखे सब्बल से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था.

मानसिक रूप से अस्वस्थ था मड़वा उरांव 
बताया जा रहा है कि मृतका सुमरी उरांव के दो छोटे बच्चे हैं. घटना के समय उसकी बेटी ट्यूशन पढ़ने गई थी, जबकि अन्य सदस्य घर से बाहर थे. घटना के बाद दोनों बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. ग्रामीणों के अनुसार आरोपी मड़वा उरांव पिछले करीब एक वर्ष से मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका इलाज रिनपास में चल रहा था. बताया गया कि वह अक्सर गुस्से में रहता था. वहीं, एक सप्ताह पहले उसके भतीजे एतवा उरांव की मौत भी हो गई थी, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से और ज्यादा परेशान रहने लगा था.
घरेलू कलह और मानसिक अस्वस्थता हत्या की मुख्य वजह: पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया. पुलिस ने आरोपी मड़वा उरांव को हिरासत में ले लिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह और मानसिक अस्वस्थता को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. एक साथ दो महिलाओं की हत्या से धनामुन्जी गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं.

 

Tags - Lohardaga double murder Bhandra police station murder case brutal family murder Jharkhand subble weapon murder caseson kills mother and wife