logo

कोडरमा में बोरसी से धुएं से दम घुटने से पति-पत्नी की मौत, जमीन पर पड़ी मिली लाश

वदीेग.jpg

द फॉलोअप डेस्क
कोडरमा थाना क्षेत्र के पूर्णानगर में गुरुवार की देर रात धुएं से दम घुटने के कारण एक दंपती की मौत हो गई। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह सामने आई। मृतकों की पहचान 55 वर्षीय वीरेंद्र शर्मा (नन्हकू) और उनकी 48 वर्षीय पत्नी कांति देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, ठंड के कारण दंपती ने रात को अपने कमरे में बोरसी रखकर सोने का प्रयास किया था। सुबह उनके शव कमरे में पड़े हुए पाए गए। मृतक दंपती की बड़ी बहू जयंती देवी ने बताया कि गुरुवार शाम वीरेंद्र शर्मा अपनी आंखों की समस्या के लिए सदर अस्पताल गए थे।

घर लौटने के बाद पूरा परिवार रात का भोजन करने के बाद करीब 11 बजे सो गया। ठंड को देखते हुए वीरेंद्र और उनकी पत्नी ने बोरसी अपने कमरे में रखी, जिसमें लकड़ी जल रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे जयंती देवी ने झाड़ू लगाते समय अपने सास-ससुर को बेसुध अवस्था में पाया। उनके नाक से खून बह रहा था। उन्होंने तुरंत शोर मचाया और परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया। दंपती को सदर अस्पताल कोडरमा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


वीरेंद्र शर्मा कोडरमा बाजार में एक सैलून संचालित करते थे। उनके परिवार में दो बेटे, दो बहुएं और एक बेटी-दामाद शामिल हैं। घटना से परिवार में गहरा शोक है। सूचना मिलने पर कोडरमा पुलिस भी सदर अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मृतक के पुत्र से लिखित बयान दर्ज किया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना की कारणों की जांच जारी है।