द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में हाथियों के हमलों से होने वाली मौतों के मामलों में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। डुमरी विधायक जयराम महतो ने ट्वीट कर जानकारी दी कि राज्य सरकार ने एक प्रस्ताव तैयार किया है, जिसके तहत मृतकों के परिजनों को मिलने वाली मुआवजा राशि 4 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी जाएगी। इसके अलावा प्रभावित परिवारों को हर महीने 2,000 रुपये की अतिरिक्त सहायता भी देने का प्रावधान किया गया है।
एक प्रयास का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। सरकार द्वारा प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है, जिसके तहत हाथियों के हमलों से जान गंवाने वालों का मुआवजा राशि 4 लाख रुपए से बढ़ाकर 10 लाख रुपए करने का निर्णय लिया गया है।
— Jairam Kumar Mahato MLA (@Tigerjairam) April 20, 2026
इसके साथ ही पीड़ित परिवारों को हर माह 2,000 रुपए की अतिरिक्त सहायता… pic.twitter.com/71oTvIAREX

अमित यादव ने उठाया था मुद्दा
जयराम महतो ने बताया कि झारखंड विधानसभा के पिछले शीतकालीन सत्र के दौरान इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया था। उन्होंने कहा कि यह विषय विधायक अमित यादव द्वारा एक गैर-सरकारी संकल्प के जरिए उठाया गया था, जिसमें हाथी हमलों में जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों के लिए मुआवजा बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई थी। उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत कारणों से अमित यादव सदन में मौजूद नहीं हो सके थे, जिसके बाद उनके अनुरोध पर जयराम महतो ने सदन में इस मुद्दे को उठाया। बहस के दौरान उन्होंने सरकार से जोरदार तरीके से मांग की कि मुआवजा राशि बढ़ाई जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को बेहतर आर्थिक सहायता मिल सके।

हाथियों की वजह से चली जाती हैं जानें
गौरतलब है कि झारखंड में अक्सर हाथियों के हमलों की घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिनमें कई लोगों की जान चली जाती है। ऐसे में मुआवजा राशि बढ़ाने का यह फैसला प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
