logo

"CO साहब ने 4 लाख घूस लिया, चारदीवारी भी तोड़ दी हुजर" DC हेमंत सती से रिटायर्ड शिक्षक ने की शिकायत

"CO साहब ने 4 लाख घूस लिया, चारदीवारी भी तोड़ दी हुजर" DC हेमंत सती से रिटायर्ड शिक्षक ने की शिकायत

बिष्णुगढ़/हजारीबाग:

Jharkhand News: हजारीबाग (Hazaribagh) के बिष्णुगढ़ प्रखंड कार्यालय (Bishnugarh Block Office) में आज उस वक्त सन्नाटा पसर गया, जब जिला उपायुक्त हेमन्त सती (DC Hemant Sati) के जनता दरबार में एक 70 वर्षीय सेवानिवृत्त विज्ञान शिक्षक ने प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। फाराचांच निवासी बुजुर्ग शिक्षक नागेश्वर महतो (Retired Teacher Nageshwar Mahto) ने भरी सभा में उपायुक्त के ठीक सामने खड़े होकर अंचल अधिकारी नित्यानंद दास (Circle Officer Nityanand Das) पर 4 लाख रुपये रिश्वत लेने और JCB चलाकर निजी जमीन की चारदीवारी ध्वस्त करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।

 

सेवानिवृत्त शिक्षक ने पूरा दस्तावेज सौंपा
उपायुक्त को सौंपे गए 2 पन्नों के लिखित आवेदन में सेवानिवृत्त शिक्षक नागेश्वर महतो ने एक-एक तारीख और रकम का पूरा हिसाब रखा है। आवेदन के मुताबिक, अंचल अधिकारी द्वारा बिचौलिए के माध्यम से डरा-धमकाकर कुल 10 लाख रुपये की मांग की गई थी। दबाव में आकर शिक्षक और उनके भतीजे ने 2 किस्तों में पहली बार 14 अक्टूबर 2025 को 2 लाख रुपये और दूसरी बार 8 दिसंबर 2025 को 2 लाख रुपये मिलाकर कुल 4 लाख रुपये दिए।

29 जून 2026 को निर्माण ध्वस्त कर दिया
हालांकि, मामला यहीं नहीं रुका। आरोप है कि और पैसे न देने पर 29 जून 2026 को प्रशासन ने जेसीबी लगाकर निर्माण ध्वस्त कर दिया। सबसे चौंकाने वाला तकनीकी पहलू यह है कि नोटिस खाता संख्या 45, प्लॉट संख्या 534 के लिए जारी हुआ था, जबकि जेसीबी से तोड़ी गई चारदीवारी शिक्षक की अपनी रैयती जमीन खाता संख्या 1/44, प्लॉट संख्या 77 पर ग्रामीण बच्चों की शिक्षा के लिए बन रहे विद्यालय की थी।

 

अंचल कार्यालय की शिकायत पर झूठा केस
अपने आवेदन के दूसरे पृष्ठ पर शिक्षक नागेश्वर महतो ने एक बेहद गंभीर सवाल उठाया है। उनका कहना है कि 1935 से लेकर 2016 तक की सरकारी रसीदें और मूल दस्तावेज दिखाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। उलटा, अंचल कार्यालय की इस कार्यप्रणाली के खिलाफ आवाज उठाने पर डराने-धमकाने और झूठी प्राथमिकी दर्ज कराने का खेल शुरू हो गया। आवेदन में स्पष्ट रूप से कांड संख्या 146/2026 का जिक्र करते हुए शिक्षक ने लिखा है कि अंचलाधिकारी की बात न मानने और सच सामने आने पर झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है।

क्या मामले की उच्चस्तरीय जांच होगी!
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पीड़ित शिक्षक ने स्वयं जिला दंडाधिकारी के सामने लिखित और मौखिक रूप से 4 लाख रुपये के लेन-देन और गलत प्लॉट पर कार्रवाई का साक्ष्य रख दिया है, तो क्या इस मामले की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच होगी? क्या दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई होगी और सच दिखाने वालों पर दर्ज हुए झूठे मुकदमे वापस होंगे? हजारीबाग जिला प्रशासन के अगले कदम पर पूरे बिष्णुगढ़ की निगाहें टिकी हैं।

Tags - Jharkhand NewsHazaribagh DC Hemant SatiRetired Teacher Nageshwar DasBribe