गुमला/सिमडेगा:
सगे भाइयों ने अपनी-अपनी पत्नी की हत्या की। शवों को एंबुलेंस में डालकर अरानी जंगल ले गए और वहीं गाड़ दिया। मामला गुमला का है। मृतकों की पहचान गुमले जिले के विंध्याचल नगर नदी टोली की रहने वाली 28 वर्षीय मिनी प्रिया और 20 वर्षीय राधिका कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक विवाद के बाद सगे भाइयों ने अपनी-अपनी पत्नी की हत्या कर दी। दिलचस्प बात तो यह है कि हत्या कर शव ठिकाने लगाने के बाद आरोपी ही उन 2 महिलाओं की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने थाने गए थे।
फोन पर संपर्क नहीं हुई तो परिजनों ने की तलाश
आरंभिक जानकारी के मुताबिक सगे भाई शिवशंकर साहू और नवीन साहू ने अपनी-अपनी पत्नियों की गुमला में हत्या की। शवों को एंबुलेंस में लादकर सिमडेगा जिला स्थित अरानी के जंगल में ले गए और वहीं गाड़ दिया। जब फोन पर संपर्क नहीं हो पाने पर विवाहिता के परिजनों ने उनकी तलाश की तो पुलिस का शक उनके पतियों पर गया। संदेह के आधार पर शिवशंकर साहू और नवीन साहू को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई तो मामले का खुलासा हुआ। मजिस्ट्रेट की निगरानी में अरानी जंगल से कब्र खोदकर शव बरामद किए गए हैं। अब पुलिस शवों का पोस्टमॉर्टम कराने की तैयारी में है, जिससे मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

सगे भाइयों का पत्नियों से था लंबा पारिवारिक विवाद
बताया जाता है कि शिवशंकर साहू और नवीन साहू का लंबे समय से अपनी-अपनी पत्नियों से पारिवारिक विवाद चल रहा था। महिलायें बीते शनिवार को ही समझौते के बाद पतियों के साथ घर लौटी थीं। बीते सोमवार की सुबह को महिलाओं से परिजनों की आखिरी बातचीत हुई थी। इसके बाद दोनों का मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। संदेह होने पर परिजनों ने तलाश शुरू कर दी। बताया जाता है कि दोनों भाई 7 वर्षीय बच्चे को लेकर गुमला थाना पहुंचे और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया।

पुलिस हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने में लगी
पुलिस, दोनों भाइयों को लेकर सिमडेगा के अरानी जंगल पहुंची। वहां, उनकी निशानदेही पर मजिस्ट्रेट की निगरानी में कब्र की खुदाई कर महिलाओं का शव बाहर निकाला गया। इस दौरान सिमडेगा और गुमला जिला की पुलिस भी मौजूद रही। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि पारिवारिक विवाद की वजह क्या थी। विवाद इतना कैसे गहरा गया कि हत्या की नौबत आ गई। दो महिलाओं की हत्या करके उनके शव को दूसरे जिले में जंगल में दफनाना, केवल 2 व्यक्तियों का काम नहीं लगता।
सवाल है कि इस खौफनाक हत्याकांड में आरोपी भाइयों का साथ किसने दिया। किन परिस्थितियों में यह वारदात हुई।