द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां एक ट्रक ड्राइवर ने खुद को पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। मामला कामडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत इचा गुटू गांव का है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय व्यक्ति महादेव साहू के रूप में हुई है। घटना स्थल पर ही महादेव की मौत हो गई। घरवालों ने बताया कि महादेव साहू की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह बाजार से दो लीटर पेट्रोल लेकर घर लौटा था। इसके बाद उसने घर का दरवाजा अंदर से बंद किया और आंगन में पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। उस समय घर में कोई नहीं था। आग लगने के बाद उठे शोर और धुएं को देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण ग्रामीणों ने उसे तोड़कर घर में प्रवेश किया, लेकिन तब तक महादेव साहू की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही कामडरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मंगलवार को शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, गुमला भेजा। महादेव साहू पेशे से हाईवा चालक था। करीब 20 दिन पहले ही इचा गुटू आया था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह पहले भी कई बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। उसने फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की थी। लेकिन हर बार उसकी जान बच गई थी। गांव आने के बाद उसका व्यवहार ज्यादा आक्रामक हो गया था। बताया गया कि उसने पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट भी की थी, जिसके बाद पत्नी और बच्चे घर छोड़कर चले गए थे। महादेव साहू अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गया है।
