गिरिडीह
गिरिडीह जिले के देवरी अंचल अंतर्गत किसगो-गिद्धा इलाके में चल रहे अवैध पत्थर खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर देवरी अंचलाधिकारी द्वारा की गई छापेमारी में अवैध खनन का खुलासा हुआ. कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम ने मौके से एक पोकलेन मशीन और तीन ट्रैक्टर जब्त किए, जबकि एक हाइवा को लेकर खनन माफिया फरार हो गए. मामले में अंचलाधिकारी के आवेदन पर हीरोडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. इसकी पुष्टि थाना प्रभारी महेश चंद्र ने की. जानकारी के अनुसार, डीसी के निर्देश के बाद देवरी अंचलाधिकारी शुक्रवार शाम किसगो-गिद्धा क्षेत्र में पहुंचे, जहां दिनदहाड़े पत्थर का अवैध खनन जारी था. छापेमारी के दौरान प्रशासनिक टीम ने मौके पर खनन कार्य में लगे तीन ट्रैक्टर, एक हाइवा और पोकलेन मशीन को जब्त करने की कार्रवाई की तथा संबंधित लोगों के खिलाफ थाना में आवेदन दिया.

हाइवा लेकर माफिया हुए फरार
हालांकि जब जब्त वाहनों को लाने के लिए पुलिस टीम खदान क्षेत्र में पहुंची तो वहां से पोकलेन और हाइवा गायब मिले. इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी गई. एसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी स्वयं पुलिस बल के साथ वाहनों की तलाश में जुट गए. लगातार छापेमारी के बाद शनिवार सुबह तीनों ट्रैक्टर बरामद कर लिए गए, जबकि दोपहर में पोकलेन मशीन गिद्धा जंगल क्षेत्र से बरामद की गई. फिलहाल फरार हाइवा और उससे जुड़े लोगों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार किसगो और गिद्धा क्षेत्र में लंबे समय से बड़े पैमाने पर पत्थर का अवैध खनन किया जा रहा है. इलाके में कई अवैध खदानें संचालित होने की चर्चा है, जहां देर शाम विस्फोट कर पत्थर निकाला जाता है और फिर उसे हाइवा के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में भेजा जाता है. ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन के कारण पर्यावरण और आसपास के गांवों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है. सूत्रों की मानें तो आने वाले दिनों में इस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े लोगों को लेकर और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं.
