द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक महिला पर खौलता तेल उड़ेल देने की घटना सामने आई है। मामला छेड़खानी से जुड़ा है। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना रविवार देर शाम की है। झुलसी महिला का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। पीड़िता ने बताया कि वह नाश्ता दुकान चलाती है और रविवार शाम को भी पकौड़ी बना रही थी। तभी बगल गांव के रहने वाले उदय चौधरी और मनीष चौधरी आए और छेड़खानी शुरू कर दी। जब महिला ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उस पर खौलता तेल उड़ा दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। आसपास के लोग उसे लेकर तुरंत सदर अस्पताल पहुँचे।

पूर्व मुखिया राजेश वर्मा ने बताया कि महिला का परिवार इसी दुकान से गुजर-बसर करता है। उन्होंने आरोपियों का वर्णन बदमिज़ाज बताते हुए कहा कि इनके द्वारा पहले भी कई प्रकार की हरकतें की गई हैं। क्योंकि दोनों दबंग परिवार से आते हैं, लोग आम तौर पर उनसे नहीं उलझते, लेकिन अब हद हो गई है। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की और कहा कि महिला के बेहतर इलाज में गांववाले जुटे हुए हैं।

थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी उदय चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरा आरोपी मनीष चौधरी अभी फरार है और उसकी जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।