द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर में पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद अब पति का शव स्वर्णरेखा नदी से बरामद हुआ है। मृतक की पहचान बिरसानगर निवासी उमंग मुखी के रूप में हुई है, जिस पर पहले ही अपनी पत्नी की हत्या का आरोप लग चुका है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों को जोड़कर हर पहलू से जांच कर रही है। दरअसल, बीते 2 जनवरी को सोनारी के पंचवटी नगर स्थित मकान में सलोनी मुखी का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। इस घटना की सूचना सलोनी की बहन सारथी मुखी ने पुलिस को दी थी। परिजनों ने इसे सामान्य आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए सलोनी के पति उमंग पर हत्या का आरोप लगाया था। घटना के बाद से ही उमंग फरार बताया जा रहा था।

इधर, सोमवार देर शाम सोनारी थाना पुलिस ने स्वर्णरेखा नदी से उमंग का शव बरामद किया। शव मिलने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उमंग की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है। साथ ही सलोनी की मौत को लेकर लगाए गए आरोपों की भी दोबारा गहन पड़ताल की जा रही है। अबतक के जांच में यह भी सामने आया है कि उमंग के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और वह अपने ससुराल में रह रहा था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ महीनों से विवाद चल रहा था। घटना के दिन उमंग ने ही सलोनी के फंदे से लटके होने की सूचना अपनी साली को दी थी, जिसके बाद वह लापता हो गया था।

पुलिस का कहना है कि दोनों मौतों के बीच संबंधों की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्य मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह मामला हत्या, आत्महत्या या दोनों का है।