logo

पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में हिस्सा लेने रांची पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह, CM हेमंत सोरेन भी दिल्ली से लौटे 

AMIT_IN_RANCHI.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
रांची में आज होने वाली पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार देर शाम रांची पहुंचे। उनके आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट पर भाजपा महानगर अध्यक्ष वरुण साहु के नेतृत्व में ढोल-नगाड़े के साथ कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर अमित शाह का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं का जोश देखकर अमित शाह ने खुद गाड़ी से उतरकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान एयरपोर्ट पर “जय श्रीराम” और “अमित शाह जिंदाबाद” के नारे भी गूंजे।

इधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी बुधवार की शाम दिल्ली से रांची लौटे। वे अपने पिता गुरुजी शिबू सोरेन की तबीयत खराब होने के कारण कुछ दिनों से दिल्ली में थे। मुख्यमंत्री भी 10 जुलाई को होने वाली बैठक में हिस्सा लेंगे। यह बैठक रेडिसन ब्लू होटल, रांची में आयोजित की जाएगी। बुधवार को ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, उपमुख्यमंत्री पार्वती परिदा और मंत्री मुकेश महालिंग भी रांची पहुंचे। एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भी स्वागत किया। हालांकि, उन्होंने मीडिया से बात नहीं की और सीधे रेडिसन ब्लू होटल रवाना हो गए।

पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से बैठक में भाग लेने पहुंची वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने एयरपोर्ट पर मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष राज्य के मुद्दे रखे जाएंगे। उन्होंने बताया कि बैठक में अब तक की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। रांची एयरपोर्ट पर झारखंड सरकार की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने उनका स्वागत किया। पूर्वी भारत के विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में होने वाली यह बैठक विकास, सुरक्षा और प्रशासनिक तालमेल जैसे विषयों पर केंद्रित रहेगी।


 

Tags - Jharkhand News Ranchi News Ranchi Latest News Ranchi Hindi News Eastern Regional Council Meeting Home Minister Amit Shah Chief Minister Hemant Soren