द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में एक बार फिर तेज बारिश का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दक्षिण-पश्चिमी जिलों खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिम सिंहभूम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि रांची, रामगढ़, हजारीबाग, पलामू और लोहरदगा जैसे उत्तर-पश्चिमी और आसपास के जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवातीय सिस्टम के कारण 5 जुलाई की रात से 7 जुलाई की सुबह तक राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 7 जुलाई को भी दक्षिण-पश्चिमी जिलों में जोरदार बारिश होने की संभावना है।
अधिकारियों ने लोगों को चेतावनी दी है कि बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है और बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा। ऐसे में लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों या रेलवे पुलों के नीचे खड़े न हों। निचले इलाकों में रहने वाले लोग सतर्क रहें। किसानों को बागानों में जल निकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटे में झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहा। सबसे अधिक बारिश सरायकेला में हुई जहां 73 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बंदगांव में 60.8 मिमी
पालकोट में 56.8 मिमी
फतेहपुर में 55 मिमी
खरसेमा में 52.6 मिमी
बहरागोड़ा में 44.6 मिमी
धालभूमगढ़ में 42.4 मिमी
गुड़ाबांधा में 39.4 मिमी
चाईबासा में 38 मिमी
रनिया में 34.6 मिमी
चैनपुर में 33 मिमी
तोरपा में 30 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
अधिकतम तापमान: सरायकेला में 33.6°C
न्यूनतम तापमान: लातेहार में 20.8°C
1 जून से 5 जुलाई तक राज्य में 236.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है, जो सामान्य से 71% ज्यादा है। सबसे अधिक बारिश रांची में 641.8 मिमी दर्ज की गई।
