द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बुधवार को धनबाद सदर अस्पताल का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं ओपीडी में बैठकर मरीजों की जांच की और उनकी समस्याएं सुनीं। मंत्री को अपने बीच पाकर मरीजों में खासा उत्साह देखने को मिला। ओपीडी में पहुंचे मरीजों ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां सीधे स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष रखीं, जिन्हें डॉ. अंसारी ने गंभीरता से सुना और संबंधित चिकित्सकों को तत्काल आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मीडिया से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ने एक अहम घोषणा करते हुए कहा कि आगामी तीन वर्षों में धनबाद को एक नया मेडिकल कॉलेज भवन मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस मेडिकल कॉलेज का नाम दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नाम पर रखने का प्रस्ताव है। स्वास्थ्य मंत्री ने सिविल सर्जन को अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और मरीजों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में ही आम लोगों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि मरीजों को निजी अस्पतालों का रुख न करना पड़े।

डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि वे एसएनएमएमसीएच अस्पताल का भी निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सरकार पूरी तरह गंभीर है। इसी उद्देश्य से वे स्वयं विभिन्न जिलों के सदर अस्पतालों में जाकर ओपीडी में बैठकर मरीजों की जांच कर रहे हैं, ताकि जमीनी स्तर पर मौजूद समस्याओं को समझा और दूर किया जा सके।