logo

हजारीबाग सड़क हादसे में डिलीवरी बॉय की मौत, घर का इकलौता कमाने वाला था, कुछ दिनों में थी बहन की शादी

्गतग2.jpg

सितेश तिवारी/हजारीबाग
हजारीबाग शहर के मजार के समीप गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवा डिलीवरी बॉय की जान चली गई। मृतक की पहचान निरंजन कुमार के रूप में हुई है, जिनकी उम्र लगभग 22 वर्ष थी। वह सलोनी कला के रहने वाले थे। निरंजन घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। जानकारी के अनुसार, निरंजन डिलीवरी बॉय क काम करते थे। गुरुवार शाम पार्सल डिलीवर कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक बस ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। बाइक पर उनके साथ उनका एक दोस्त भी सवार था। हादसे के बारे में उनके दोस्त ने बताया कि टक्कर के वक्त वह दूसरी दिशा में गिर गया, जबकि निरंजन बस की ओर गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।


कुछ ही दिनों में बहन की शादी थी
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल आरोग्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने निरंजन कुमार को मृत घोषित कर दिया। इस खबर के फैलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और देर रात सड़क जाम कर दिया। हालांकि प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाया गया। बताया जा रहा है कि निरंजन के पिता का पहले ही निधन हो चुका था और उनके परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। घर में उनकी मां और एक छोटी बहन है, जिसकी शादी कुछ ही दिनों में होने वाली थी। ऐसे में इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। निरंजन न केवल परिवार का सहारा थे, बल्कि नौकरी के साथ-साथ अपनी पढ़ाई भी जारी रखे हुए थे।


कंपनी देगी 10 लाख का मुआवजा
घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। परिजनों और रिश्तेदारों ने सरकार से उचित मुआवजे की मांग की है। वहीं संबंधित कंपनी के मैनेजर ने बताया कि उनके यहां कार्यरत सभी डिलीवरी बॉय और कर्मचारियों को 10 लाख रुपये का बीमा कवर दिया जाता है। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होते ही बीमा राशि मृतक के परिजनों को प्रदान कर दी जाएगी।

Tags - Hazaribagh Road Accident Jharkhand Delivery Boy Death Bus Accident Accident News Local News