द फॉलोअप, रांची
राज्य में हुए बहुचर्चित ट्रेजरी घोटाले को लेकर जांच कमेटी के अध्यक्ष अमिताभ कौशल ने आज हजारीबाग के उपायुक्त, ट्रेजरी अफसर व अन्य अधिकारियों के साथ वीडियो कंफ्रेंसिंग के जरिए बैठक की। आवश्यक निर्देश दिए। गुरुवार को उन्होंने बोकारो डीसी के साथ वीडियो कंफ्रेंसिंग के जरिए बैठक की थी। महालेखाकार कार्यालय के प्रतिनिधि भार्गव के सुझाव पर हजारीबाग में एक अप्रैल 2011 से 31 मार्च 2026 तक ट्रेजरी से हुए भुगतान की जांच की जाएगी। उल्लेखनीय है कि बोकारो के लिए यह तिथि एक अप्रैल 2020 से 31 मार्च 2026 तक तय की गयी है।

दोनों जिलों के अधिकारियों को ट्रेजरी से हुए फर्जी भुगतान से जुड़े 22 तरह के कागजात रेडी करने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए उन्हें सोमवार तक का समय दिया गया है। जांच समिति ने आज हजारीबाग के डीसी से कहा कि कागजात रेडी होते ही जांच समिति किसी भी समय जिले के दौरे पर आएगी। उसी तरह बोकारो भी जाएगी और कागजातों की पड़ताल करेगी। गड़बड़ी के बिंदुओं को चिह्नित करेगी। मालूम हो कि इन दोनों प्रमुख जिलों में ट्रेजरी से फर्जी तरीके से करोड़ों की राशि की निकाली गयी है।
