logo

हजारीबाग में मुखिया उन्मुखीकरण कार्यशाला, 7 जिलों के 1400 जनप्रतिनिधि हुए शामिल, मंत्री ने 165 करोड़ की राशि मिलने का दिया आश्वासन

dps_haza.JPG

द फॉलोअप डेस्क 

हजारीबाग में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के मुखियाओं के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 7 जिलों हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, चतरा, धनबाद, गिरिडीह और कोडरमा जिला से लगभग 1400 मुखिया शामिल हुए। कार्यशाला के दौरान मुखियाओं को पंचायती राज व्यवस्था, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्राम स्तर पर विकास कार्यों को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि 15वें वित्त आयोग की राशि जल्द ही पंचायतों तक पहुंचाई जाएगी। बताया गया कि उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के पंचायतों के लिए लगभग 165 करोड़ रुपये की राशि जारी की जाएगी, जो सीधे मुखिया के खातों में आएगी। इस राशि का उपयोग ग्रामीण विकास, आधारभूत सुविधाओं और स्थानीय जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा।

कार्यक्रम में झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार पंचायतों के सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। मंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि जिन पंचायतों में अभी तक पंचायत भवन नहीं हैं, वहां जल्द निर्माण कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने मुखियाओं से गांवों को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा मुखिया अपने पंचायत के मुख्यमंत्री के समान होते हैं और उन्हें अपने क्षेत्र के विकास में नेतृत्वकारी भूमिका निभानी चाहिए। कार्यशाला समाप्त होने के बाद शामिल मुखियाओं ने बताया कि कार्यक्रम बेहद सकारात्मक रहा। उन्होंने मंत्री द्वारा दिए गए वित्तीय सहयोग के आश्वासन का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि सरकार अपने वादों को जल्द पूरा करेगी। यह कार्यशाला पंचायत स्तर पर विकास को गति देने और स्थानीय प्रशासन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Tags - hazaribag mukhiya workshop uttari chotanagpur pramandal panchayati raj jharkhand news gram vikas rural development panchayat scheme finance commission 15th