द फॉलोअप डेस्क
गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स (खनन) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं टास्क फोर्स के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के दौरान निर्देश दिया गया कि नदियों के बालूघाटों से बालू उत्खनन पर राष्ट्रीय हरित अधिकरण द्वारा लगाए गए प्रतिबंध हटने के बावजूद सभी संवेदनशील क्षेत्रों में सघन छापामारी अभियान चलाया जाए, ताकि अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की जा सके।
जिले में श्रेणी-द्वितीय के 18 बालूघाटों की ऑनलाइन नीलामी प्रक्रिया के लिए सैद्धांतिक सहमति दी जा चुकी है। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारियों को ग्राम सभा की स्वीकृति की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने का निर्देश दिया गया, जिससे बालू की उपलब्धता जल्द सुनिश्चित की जा सके। अवैध खनन एवं परिवहन पर नियंत्रण के लिए पर्यावरणीय रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण और संयुक्त छापामारी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में खनिज लदे वाहनों की सघन जांच करने, परिवहन चालान की जांच, ओवरलोडिंग पर रोक तथा खनिजों को ढंककर परिवहन करने के नियमों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया।

वृहत (बॉक्साइट) एवं लघु खनिज (पत्थर) से संबंधित समाप्त खनन पट्टों और चालू पट्टाक्षेत्र से बाहर हो रहे अवैध खनन पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। साथ ही खनन पट्टा और क्रशर इकाइयों की नियमित जांच कर सीमांकन स्तंभ, सूचना पट्ट एवं अन्य निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सचिव, खान के पत्रांक-562/एम दिनांक 06.03.2026 के आलोक में सभी संबंधित अधिकारियों को अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर रोक के लिए और अधिक सतर्कता बरतने तथा समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।