द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिला के कामडारा प्रखंड के उरुगुट्टू गांव में जिला प्रशासन ने ग्रामीणों के बीच मशरूम किट वितरित कर आजीविका सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। यह पहल उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के क्षेत्र भ्रमण के बाद की गई कार्रवाई का परिणाम है। जिला प्रशासन ने कुल 31 लाभुकों को मशरूम किट उपलब्ध कराई। साथ ही ऐप एग्रीगेट के सहयोग से लाभुकों को मशरूम उत्पादन से जुड़े प्रशिक्षण भी प्रदान किए गए। प्रशिक्षण में मशरूम की तकनीक, उपयुक्त वातावरण, उत्पादन प्रक्रिया और इससे होने वाले आर्थिक लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। मालूम हो की उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने 11 मार्च 2026 को प्रोजेक्ट द्वार के तहत रामतोलिया पंचायत अंतर्गत उरुगुट्टू गांव का दौरा किया था। भ्रमण के दौरान उन्होंने महिला समूहों और ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्हें मशरूम उत्पादन और अन्य आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए थे। प्रशासन ने उनके निर्देशों के अनुरूप त्वरित कार्रवाई करते हुए किट वितरण और प्रशिक्षण कार्यक्रम को पूरा किया।

मशरूम उत्पादन की यह पहल विशेषकर महिला समूहों के लिए आय संवर्धन का नया अवसर प्रदान करेगी। ग्रामीणों ने प्रशासन की तत्परता की सराहना की और कहा कि उपायुक्त द्वारा दिए गए भरोसे को समयबद्ध तरीके से पूरा कर प्रशासन ने विश्वास को मजबूत किया है। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाना और ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि लाभुकों को आगे भी तकनीकी मार्गदर्शन, आवश्यक सहयोग और बाजार से जोड़ने की दिशा में समर्थन जारी रखा जाए, ताकि मशरूम उत्पादन स्थायी आजीविका का रूप ले सके। यह पहल उरुगुट्टू गांव में ग्रामीण और महिला सशक्तिकरण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जो आय और आजीविका के नए अवसर खोलेगी।
