द फॉलोअप, रांची
जेएलकेएम ने जेपीएससी द्वारा आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा–2024 में हुई गंभीर लापरवाही पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री से दोषियों के विरुद्ध अविलंब कार्रवाई की मांग की है। जेएलकेएम ने परीक्षा के समय प्रश्न पत्र की अनुपलब्धता को जेपीएससीकी प्रशासनिक विफलता बताया है। पत्र में कहा है कि झारखण्ड लोक सेवा आयोग हर परीक्षा के बाद हमेशा विवादों के घेरे में रहता है । जेपीएससी द्वारा दिनांक 26 अप्रैल 2026 को आयोजित झारखण्ड पात्रता परीक्षा में कई केंद्रों पर प्रश्न पत्रों की अनुपलब्धता एवं अपठनीय प्रश्न पत्र जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। इसके अलावा, कई परीक्षा केंद्रों से बायोमैट्रिक अटेंडेंस नहीं होने की शिकायतें भी सामने आई हैं, जो परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

पार्टी के नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने मुख्यमंत्री लिखे पत्र में कहा कि यह घटना न केवल JPSC की प्रशासनिक विफलता को दर्शाती है, बल्कि हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। वर्षों की कड़ी मेहनत के बावजूद अभ्यर्थियों को इस तरह की अव्यवस्था का सामना करना पड़ा, जो पूरी तरह अस्वीकार्य है। जेएलकेएम ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों पर कड़ी कार्रवाई करने, प्रभावित विषयों/केंद्रों की परीक्षा को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से पुनः आयोजित करने और प्रभावित अभ्यर्थियों को हुई मानसिक एवं आर्थिक क्षति के लिए उचित मुआवजा देने की मांग की है।
