logo

गोड्‌डा में रांची के परिवार का हुआ एक्सीडेंट, स्कॉर्पियो 35 फीट दूर पलटी; युवती की मौत

ुद्ो1.jpg

द फॉलोअप, गोड्डा
गोड्डा के अमडीहा ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का एक टायर फट गया और गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद वाहन करीब 35 फीट दूर जाकर दूसरे डिवाइडर से टकराते हुए पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुआ परिवार रांची से गुवाहाटी जा रहा था। इस दुर्घटना में खेलगांव निवासी देव तिवारी की बेटी सारा तिवारी की मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी रूपा चौधरी और दूसरी बेटी चेरी तिवारी को गंभीर हालत में गोड्डा सदर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा 42 वर्षीय देव तिवारी और 26 वर्षीय ब्यूटी सिंह को बेहतर इलाज के लिए देवघर एम्स रेफर किया गया है, जबकि ब्यूटी सिंह के पति सोनू सिंह को मामूली चोटें आई हैं। सभी लोग एक ही परिवार से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं।


तेज रफ्तार और झपकी बनी हादसे की वजह
जांच में सामने आया है कि वाहन काफी तेज गति में था और चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि संभवतः चालक को झपकी आ गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। लोगों ने यह भी बताया कि एनएच 133 पर अमडीहा ओवरब्रिज के पास पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिससे इस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।


स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान
हादसे के बाद मौके पर सैकड़ों लोग जुट गए और राहत कार्य में लग गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पथरगामा थाना को सूचना दी। थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह के निर्देश पर एएसआई गौतम शाह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गाड़ी का शीशा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला गया और सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरगामा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को रेफर किया गया। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गोड्डा भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

 

Tags - GoddaAccident RoadAccident JharkhandNews BreakingNews AccidentCase