logo

जी. डी. गोयनका स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य आयोजन, बच्चों ने दिखाया अद्भुत योग कौशल 

GD_yoga.jpg

रांची  
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजधानी रांची स्थित जी. डी. गोयनका स्कूल के सुंदर परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार एवं हेड मिस्ट्रेस रुमा सेन गुप्ता के नेतृत्व में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक योग का सामूहिक अभ्यास किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के अनुभवी योग शिक्षक देवाशीष प्रामाणिक ने किया। उन्होंने मंच से स्वयं विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का प्रदर्शन करते हुए सभी प्रतिभागियों को उनका अभ्यास कराया। साथ ही प्रत्येक योग मुद्रा के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की सरल एवं रोचक व्याख्या भी की, जिससे सभी उपस्थित लोगों ने योग के महत्व को भली-भांति समझ कर उसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित हुए।

योग के प्रति गहरी समझ का परिचय दिया

कार्यक्रम का सबसे मनमोहक एवं भावपूर्ण क्षण तब आया जब विद्यालय के जूनियर वर्ग के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने मधुर संगीत की धुन पर अपने अद्भुत योग कौशल का प्रदर्शन किया। बच्चों ने अत्यंत संतुलित, लयबद्ध एवं आत्मविश्वासपूर्ण ढंग से विभिन्न योगासन प्रस्तुत किए। उनकी एकाग्रता, अनुशासन और दक्षता ने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो योग उनके दैनिक जीवन का स्वाभाविक हिस्सा बन चुका हो। योग दिवस के अवसर पर देवाशीष प्रामाणिक द्वारा एक रोचक योग क्विज़ का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष बात यह रही कि अधिकांश प्रश्नों के सटीक उत्तर विद्यार्थियों ने ही देकर अपनी जागरूकता और योग के प्रति गहरी समझ का परिचय दिया।

योग हमारी जीवन शक्ति का मूल स्रोत

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि योग हमारी जीवन शक्ति का मूल स्रोत है। यह केवल शरीर को स्वस्थ ही नहीं रखता, बल्कि मन, बुद्धि और व्यक्तित्व को भी सकारात्मक ऊर्जा से भर देता है। जो व्यक्ति नियमित रूप से योग करता है, उसकी प्राणशक्ति निरंतर विकसित होती है। आज के तनावपूर्ण एवं भागदौड़ भरे जीवन में योग की प्रासंगिकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। पूरे कार्यक्रम का वातावरण अनुशासन, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश लेकर आया, बल्कि नियमित योगाभ्यास के प्रति नई प्रेरणा भी प्रदान कर गया।

Tags - International Yoga Day G. D. Goenka School yoga program physical benefits of yoga