logo

सरायकेला : गागोडीह में लोडर की चपेट में आने से महिला की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों का सड़क जाम

WhatsApp_Image_2026-08-14_at_2_38_21_PM.jpeg

सरायकेला
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में 38 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान रुचाप पंचायत के गागोडीह गांव निवासी प्रेमकला टुडू के रूप में हुई है। वह रोज की तरह गाय-बैल चराने के लिए पलाश जंगल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान न्यू बायपास एनएच-18 के किनारे नीलांचल कंपनी के कार्यस्थल के पास एक लोडर की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
लोडर चालक मौके से फरार
बताया जा रहा है कि नीलांचल कंपनी की ओर से प्लांट डस्ट से गड्ढे भरने का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान लोडर संख्या JH-22A-2426 की चपेट में महिला आ गईं। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतका के शव को सड़क पर रखकर आवागमन बाधित कर दिया। ग्रामीण कंपनी प्रबंधन को मौके पर बुलाने और मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुए हैं।
कंपनी की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस दौरान कंपनी की कार्यप्रणाली, प्लांट डस्ट से गड्ढा भरने के कार्य तथा सुरक्षा इंतजामों को लेकर ग्रामीणों और संबंधित पक्षों के बीच नोकझोंक भी हुई। ग्रामीणों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस और चांडिल प्रखंड के बीडीओ मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त लोडर को जब्त कर लिया है, जबकि फरार चालक की तलाश जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं प्रशासन ग्रामीणों से वार्ता कर जाम हटाने और स्थिति सामान्य कराने का प्रयास कर रहा है। गागोडीह में लोडर ने महिला को कुचला, मौके पर मौत; मुआवजे को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम 

Tags - Saraikela Chandil Road Accident Loader Accident Jharkhand News