रांची:
बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आज भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 5वीं पुण्यतिथि मनाई गई। दिवंगत अटल बिहारी वाजयेपी के चित्र पर श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए दीपक प्रकाश ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जैसे व्यक्तित्व युगों-युगों के बाद संसार में आते है। दीपक प्रकाश ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी अद्वितीय महामानव थे।

झारखंड के निर्माता थे अटल बिहारी वाजपेयी!
दीपक प्रकाश ने कहा कि अटल जी झारखंड राज्य के निर्माता हैं। उन्हें झारखंड की जनता कभी नहीं भूल सकती। अटल जी के नेतृत्व में ही अलग राज्य का सपना साकार हुआ। कार्यक्रम में दिवंगत अटल बिहारी वाजयेपी को श्रद्धांजलि देते हुए प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री और बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अटल जी ने मजबूत और विकसित भारत की नींव रखी।

बहुआयामी व्यक्तित्व के भी धनी थे अटल जी!
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी ने पूरे राजनीतिक-सामाजिक जीवन में मां भारती की आन-बान-शान और महिमा को बनाये रखा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, स्वर्णिम चतुर्भुज योजना औ सर्व शिक्षा अभियान जैसी पहल से उन्होंने भारत में सकारात्मक बदलाव की नींव रखी। उन्होंने कहा कि पोखरण परमाणु परीक्षण से भारत का स्वाभिमान विश्व में स्थापित हुआ। बाबूलाल मरांडी ने अटल बिहारी वाजयेपी को बहुआयामी व्यक्तित्व का धनी बताया।

पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजयेपी अजातशत्रु थे!
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा अटल जी अजातशत्रु थे। जितनी तन्मयता से उन्हें पक्ष सुनता था उतनी ही गंभीरता से विपक्ष भी सुनता था। दुनिया उनके संबोधन की दीवानी थी। उन्होंने कहा कि अटल जी ने देश में राजनीतिक शुचिता, संवाद एवं समन्वय को राजनीति में महिमा-मंडित किया।

दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजयेपी को श्रद्धांजलि देने वालों में सुनील कुमार सिंह, बालमुकुंद सहाय, समीर ऊरांव, नवीन जयसवाल, डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, शिवपूजन पाठक, प्रदीप सिन्हा,अविनेश सिंह, आरती कुजूर, अनवर हयात, रमेश पुष्कर, तारिक इमरान, ऊषा पांडेय,शोभा यादव, लक्ष्मी कुमारी, अरुण झा, नकुल तिर्की, सीमा सिंह, सोनी हेंब्रम आदि उपस्थित रहे।