द फॉलोअप डेस्क
राजधानी ट्रेन में सफर को लेकर चतरा से BJP के पूर्व सांसद और वरिष्ठ नेता सुनील सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाल कर अपनी ही पार्टी की केंद्र सरकार पर तंज कसा है। चतरा लोकसभा सीट से दो बार सांसद रह चुके सुनील कुमार सिंह ने राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली की यात्रा के दौरान रेलवे की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर बताया कि राजधानी ट्रेन पिछले दो घंटे से गाजियाबाद से न्यू दिल्ली नहीं पहुंच पाई है, जबकि इसकी दूरी महज 20 किलोमीटर है।
.jpeg)
सुनील सिंह ने अपने पोस्ट में लिखा कि यात्रियों को ट्रेन में खाने-पीने की भी सुविधा नहीं मिल रही, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस स्थिति को गंभीर बताते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से सीधे सवाल किया कि जब राजधानी जैसी प्रीमियम ट्रेन की यह हालत है, तो देश बुलेट ट्रेन का सपना कैसे देखें? भाजपा नेता ने रेल मंत्री को टैग करते हुए ट्रेन संचालन और यात्री सुविधाओं पर सवाल उठाया है। हालांकि खबर लिखे जाने तक रेल मंत्री या रेलवे प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। इस घटना के बाद रेलवे की कार्यप्रणाली और प्रीमियम ट्रेनों की विश्वसनीयता को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। यात्रियों ने भी सोशल मीडिया पर नाराज़गी जताते हुए तत्काल समाधान की मांग की है।
रांची आ रही राजधानी भी मंगलवार शाम तक पहुंचेगी
नई दिल्ली से रांची जा रही राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 20840) का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है और तीन घंटे से ये ट्रेन पुरानी दिल्ली स्टेशन पर खड़ी है क्योंकि साहिबाबाद में मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। अतः अब इस ट्रेन के निर्धारित समय पर रांची पहुंचने की कोई संभावना नहीं है। रेलवे के सूत्रों ने बताया है कि यह ट्रेन कल शाम को ही रांची पहुंचेगी।
